राँची से गायब नाबालिग लड़की,उत्तरप्रदेश में रेड लाइट एरिया से बरामद,कई अन्य शहरों की भी लड़कियां बरामद हुई…..

राँची।राजधानी राँची के सुखदेवनगर इलाके से गायब एक नाबालिग लड़की उत्तर प्रदेश के रेड लाइट एरिया से बरामद हुई है।नाबालिग लड़की को उसके ही पड़ोसी के द्वारा एक महिला दलाल के पास भेज दिया गया था। यूपी पुलिस के साथ की गई छापेमारी में महिला दलाल के पास फंसी हुई कई लड़कियों को भी छुड़ाया गया है।

13 अगस्त को मामला दर्ज कराया गया था

नाबालिग लड़की के परिजनों के द्वारा 13 अगस्त को सुखदेव नगर थाने में अपनी बेटी के गायब होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। दर्ज प्राथमिकी में नाबालिग को गायब करने का आरोप ज्वाला प्रसाद नाम के व्यक्ति पर लगाया गया था।ज्वाला प्रसाद नाबालिग के पड़ोस में ही रहा करता था।सुखदेव नगर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी तो उन्हें यह जानकारी मिली कि नाबालिग को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित कासिया बाजार में एक महिला दलाल के पास बेच डाला गया है।

महिला दलाल यूपी पुलिस की हिरासत में है

सुखदेव नगर थाने की एक टीम जब यूपी के कासिया बाजार पहुंची और उन्होंने स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। जिस महिला के बारे में यूपी पुलिस को जानकारी दी गई थी उसे लेकर यूपी पुलिस के पास भी कुछ जानकारियां थीं, जिसमें यह जानकारी मिली थी कि वह जिस्मफरोशी के धंधे में लिप्त है और बाहर से लड़कियों को लाकर कर अपने पास रखती है। उन्हें जिस्म के कारोबार के दलदल में धकेल देती है।पुख्ता जानकारी मिलने के बाद यूपी पुलिस के साथ राँची पुलिस ने महिला के ठिकाने पर रेड किया, जहां से न सिर्फ राँची की नाबालिग को बरामद किया गया बल्कि वहां कुछ अन्य लड़कियां भी जो विभिन्न शहरों से आई हुई थीं उन्हें भी मुक्त करवा लिया गया। फिलहाल महिला दलाल यूपी पुलिस की हिरासत में है।पुछताछ जारी है।