“हिंदी साहित्य परिषद” प्रदेश इकाई गठन के उपलक्ष्य में कवि सम्मेलन का आयोजन, स्नेहा राय को मिला प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व।

राँची हिंदी साहित्य परिषद द्वारा होली मिलन सह कवि सम्मेलन का आयोजन

राँची। हिंदी साहित्य परिषद की झारखण्ड प्रदेश इकाई द्वारा होली मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन राँची विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय स्थित शहीद स्मृति सभागार मोरहाबादी में किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ, सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के माध्यम से किया। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में झारखंड में साहित्यिक वातावरण के विकास की आवश्यकता को प्रकट करते हुए उम्मीद व्यक्त की कि इस संस्था के माध्यम से निरंतर साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित होते रहेगे और उसमें झारखंड के युवा कवियों को भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता रहेगा।

संस्था के राष्ट्रीय महासचिव संजय शुक्ल ने बताया कि जमीनी स्तर पर साहित्य के प्रति जिज्ञासा और सम्मान जागृत करने के लिए हमारी संस्था प्रतिबद्ध है और हमारे द्वारा समय-समय पर विभिन्न साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है ताकि साहित्य जगत परस्पर संवाद के माध्यम से उत्कृष्ट सर्जना की प्रेरणा प्राप्त कर सके तथा नवीन एवं सामयिक विचारों से अवगत हो सके। युवा कवियों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने की कोशिश करते हुए हम इंडोनेशिया में भी एक कवि सम्मेलन आयोजित करने जा रहे हैं जिसमें झारखंड से भी चयनित प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। हमारी संस्था नवादित साहित्यकारों के पुस्तकों के प्रकाशन और विमोचन में भी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष तारकनाथ दुबे ने बताया कि अति शीघ्र झारखंड इकाई का विस्तार किया जाएगा और इसमें झारखण्ड के राँची विश्वविद्यालय , नीलांबर पीतांबर विश्वविद्यालय , कोल्हान विश्वविद्यालय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, सिधू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, विनोबा भावे विश्वविद्यालय एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को इस संस्था से जोड़ने के लिए युद्ध स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा तथा अन्य सरकारी बगैर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों को भी संस्था से जोड़ा जाएगा।इस कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से लोगों को कोरोना वायरस से बचने के लिए सतर्कता बरतने की अपील भी की और अनेक नवांकुर युवा कवियों को इस कार्यक्रम के द्वारा ही मंच पर काव्य पाठ का प्रथम अवसर प्राप्त हुआ। इस मौके पर कई महिला, पुरूष के साथ बिल्डर सह समाजसेवी अजय राय को भी हिंदी साहित्य परिषद की ओर से सम्मानित किया गया।

यह कवि सम्मेलन हिंदी साहित्य परिषद् की झारखंड प्रदेश इकाई गठित होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। स्नेहा राय को प्रदेश अध्यक्ष,नेहाल हुसेन को प्रदेश उपाध्यक्ष,संध्या चौधरी उर्वशी को प्रदेश सचिव,कुमार शिवम को प्रदेश सहसचिव , और लोकृति गुप्ता को प्रदेश संयुक्त सचिव एवं कौशल शर्मा को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।इस कवि सम्मेलन में झारखंड के अतिरिक्त पश्चिम बंगाल के कोलकाता से संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रंजीत भारती,अंजनी रॉय ,राष्ट्रीय प्रवक्ता चंचला दुबे, राष्ट्रीय सहसचिव आदित्य त्रिपाठी तथा प्रयागराज से शिशिर सोमवंशी भी शामिल हुए । कार्यक्रम में आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना का परिचय संस्था की प्रदेश सचिव संध्या चौधरी उर्वशी ने सभा के समक्ष रखा। कवि सम्मेलन में अशोक प्रियदर्शी, पूनम रानी तिवारी, प्रशांत करण, नीरज नीर, प्रवीण परिमल, पुष्पा सहाय ,मनीषा सहाय,हैरत फर्रुखाबादी , सदानंद यादव , माया वर्मा , वीणा श्रीवास्तव , सारिका भूषण , कामेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ‘ निरंकुश ‘, हिमकर श्याम, किक्की सिंह, कुमार बृजेंद्र , सुशील अंकन, कमल कुमार बोस, कामेश्वर सिंह ‘ कामेश’, हरेंद्रनाथ , अजय, चेतन त्रिपाठी , सुषमा केरकेट्टा तथा अन्य सैकड़ों विद्वत जन उपस्थित थे।कार्यक्रम में मंच संचालन दूरदर्शन की उद्घोषिका आरती जी और धन्यवाद ज्ञापन संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष नेहाल हुसैन जी ने किया।कार्यक्रम सफलतापूर्वक होने पर हिंदी साहित्य परिषद की अध्यक्षा स्नेहा राय ने सभी को सधन्यवाद दी।