सेवानिवृत्त जज अमिताभ कुमार गुप्ता बने झारखण्ड के लोकायुक्त,शपथ लेने के बाद कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया

राँची। राजधानी राँची के लोक भवन में मंगलवार को आयोजित समारोह में राजपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखण्ड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को लोकायुक्त, झारखण्ड के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायाधीश डीएन उपाध्याय के निधन के बाद से यह पद खाली था। शपथ ग्रहण के पूर्व राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार द्वारा अमिताभ कुमार गुप्ता की लोकायुक्त के रूप में नियुक्ति संबंधी वारंट पढ़ा।इसके बाद राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन कुलकर्णी ने नवनियुक्त लोकायुक्त को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया।इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे और इस महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया के साक्षी बने। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोकायुक्त को अपनी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी

शपथ ग्रहण के बाद जस्टिस गुप्ता अपने कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर कार्यालय कर्मियों से कामकाज की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।इस मौके पर नये लोकायुक्त ने कोर्ट रुम से लेकर कार्यालय कक्ष का निरीक्षण किया और लोकायुक्त एक्ट की कॉपी की मांग की। कार्यालय कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए इसे उपलब्ध कराया, तत्पश्चात उन्होंने परिवार के साथ लंबे समय से खाली पड़े लोकायुक्त आवास का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।राज्य के नये लोकायुक्त जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भ्रष्टाचार के करीब तीन हजार लंबित मामलों की सुनवाई पहले होगी।कोशिश होगी जो भी मामले सामने आयेंगे उसका तेजी से निपटारा हो।उन्होंने कहा कि आज पहला दिन है मैं सभी चीजों को समझ रहा हूं।

बहरहाल नये लोकायुक्त के आते ही कार्यालय गुलजार हो गया है और उम्मीद की जा रही है कि भ्रष्टाचार के नये और पुराने मामले की सुनवाई में तेजी आयेगी।गौरतलब है कि लंबे समय से न्यायिक सेवा में योगदान देने वाले जस्टिस अमिताभ कुमार गुप्ता को त्वरित न्याय देने के लिए जाना जाता है।इससे पहले झारखण्ड राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष रहे नवनियुक्त लोकायुक्त अमिताभ कुमार गुप्ता 1997 में न्यायिक सेवा में आए थे और संयुक्त बिहार के समय एडीजे के रूप में योगदान दिए थे।

बहुचर्चित चारा घोटाला केस की सुनवाई करने वाले जस्टिस अमिताभ गुप्ता वर्ष 2013 में झारखण्ड उच्च न्यायालय के जज बने थे और 30 मई 2021 को वहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद आरआरडीए ट्रिब्यूनल के चेयरमैन के रूप में उन्होंने कार्य किया था। अब लोकायुक्त की जिम्मेदारी अगले पांच वर्षों तक वह संभालेंगे।

error: Content is protected !!