Jharkhand:कुआं धंसने से दो मनरेगा मजदूर की मौत,दो घायल,मनरेगा कूप के निर्माण कार्य के दौरान हादसा हुई है

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड क्षेत्र के दुलमी में मनरेगा कूप के निर्माण कार्य के दौरान कुएं के धंसने से दो मजदूर की मौत हो गई है।एक घायल हो गया।बताया जा है कि घटना सोमवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे की है।जहां दुलमी निवासी खरोधर महतो अपने मनरेगा कूप में पटाई का कार्य कर रहे थे।इसी क्रम में कुआं धंसने से जमसिंग निवासी बरतु महतो व दुलमी निवासी धनेश्वर मुंडा की घटना में मौत हो गई। जबकि जामसिंग निवासी नरेश महतो व जामुआबेड़ा निवासी सुनील बेदिया को चोट आई है। वहीं घटना की जानकारी पर दुलमी बीडीओ विजयनाथ मिश्रा वहां पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचवाया।

इधर घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान मृतक के परिजनों ने मुआवजा की मांग की। इस दौरान दुलमी बीडीओ ने मृतक के परिजनों को 75,000 रुपए मनरेगा व 25 हजार रुपए सामाजिक सुरक्षा योजना से कुल एक लाख रुपए दोनों के परिजनों को देने की घोषणा की। इसके बाद रजरप्पा पुलिस द्वारा शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए ले जाया गया।वहीं बीडीओ ने बताया कि दोनों मृतक मनरेगा मजदूर है। लेकिन 15 दिन पूर्व ही बारिश को देखते हुए मनरेगा कार्य बंद करने का निर्देश दिया गया था।

मिली जानकारी के अनुसार दुलमी निवासी खरोधर महतो के नाम से मनरेगा कूप के लिए स्वीकृत है। बताया जाता है कि सोमवार को इस कूप में 9 मजदूरों द्वारा कुआं पटाई का कार्य किया जा रहा था। इसमें चार मजदूर कुएं के नीचे जबकि पांच ऊपर पटाई के काम में जुटे हुए थे। चूंकि पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हुई थी। अचानक कुएं की मिट्टी धंस गई। इससे कुएं के नीचे काम कर रहे चार मजदूर मिट्टी में दब गए। ग्रामीणों की मदद से तत्काल दो मजदूरों को निकाला गया, जबकि दो मजदूर मिट्टी में गहरे दब गए थे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद अन्य दोनों मजदूरों को भी निकाला। तब तक दोनों की जान जा चुकी थी।