Jharkhand:कहीं जुआ खेलने में विवाद तो कहीं लड़की को छेड़ने का विवाद में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की,पुलिस की सक्रियता से दोनों जगहों पर मामला शांत

राँची।झारखण्ड के देवघर और गिरिडीह में शरारतीतत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की।लेकिन जिला प्रशासन और समाज के बुद्धिजीवी लोगों ने पानी फेर दिया।बताया जा रहा है कि शनिवार को दो जिले में जहां देवघर के मधुपुर में धार्मिक स्थल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। वहीं गिरिडीह के गावां में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ को लेकर दो गुटों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया। तनाव वाले इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं। फिलहाल स्थिति शांति पूर्ण है।

जुआ खेलने के विवाद में मारपीट:
बताया जा रहा है कि देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के पसिया पंचायत के पसिया गांव में शुक्रवार की रात असामाजिक तत्वों के बीच जुआ खेलने के विवाद में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए। विवाद के दौरान दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की गई। इसके कारण पास स्थिति एक धार्मिक स्थल में कुछ पत्थर चले गए। शनिवार की सुबह कुछ लोगों ने धार्मिक स्थल को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना को गलत तरीके से प्रचारित-प्रसारित कर दिया। इस कारण दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। इसका नेतृत्व पुलिस कप्तान धनंजय कुमार सिंह ने किया। दुमका डीआईजी सुदर्शन मंडल भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

लड़की से छेड़छाड़ के बाद पथराव:
इधर गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र के माल्डा बाजार में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने पहले हंगामा किया। इसके बाद पथराव शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ते देखकर बाजार की दुकानें बंद हो गईं। सूचना मिलने के बाद गावां पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान लोगों ने छेड़खानी करने वाले आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने तत्काल हालात को संभाला। लोगों को वापस घर भेजा गया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया गया। पुलिस ने स्थिति को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए इलाके में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।फिलहाल आज दोनों जगहों पर शांतिपूर्ण माहौल है।