Jharkhand:कुआं धंसने से कुआं निर्माण में लगे एक मजदूर की मौत,चार घायल,मनरेगा के तहत कुआं निर्माण हो रहा था.

लातेहार।जिले के मनिका प्रखंड के जान्हो गांव में मनरेगा के तहत बन रहा कुआं मंगलवार को धंस गया। इस घटना में कुआं निर्माण में लगे एक मजदूर की मौत हो गई।साथ ही काम कर रहे चार मजदूर घायल हो गए।मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को कूप निर्माण में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुआं की मिट्टी धंस गई, जिसमें काम कर रहे मजदूर चपेट में आ गए और मिट्टी के नीचे दब गए।

वहीं ग्रामीणों ने बताया कि कुएं में अचानक मिट्टी धंसने लगी जिससे कुछ मजदूर मिट्टी के निचे आ गए। आसपास के लोगों ने तत्काल सभी मजदूरों को कुएं से बाहर निकाला। लेकिन एक मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।चार घायल मजदूरों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लातेहार ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मृतक की पहचान शिवबंस सिंह (38 वर्ष) के रूप में की गई। मृतक अपने पीछे तीन पुत्री, एक पुत्र व पत्नी को छोड़ गया। घायलों में धर्मदेव सिंह, सुखन सिंह, धनवत सिंह, सोमर सिंह के नाम शामिल हैं।

इधर चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत नियंत्रण में है। ग्रामीणों ने बताया कि कूप में सात रेजा (महिला) व 6 पुरुष कार्य कर रहे थे। जिसमें लाभुक ब्रह्मदेव सिंह भी कार्य कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर डीडीसी सुरेंद्र वर्मा, बीडीओ संतोष तिवारी, सीओ एनके राम, थानेदार नीतीश कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मनिका थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया।