पुलिस जीप और पिकनिक से लौट रहे स्कूल बस में टक्कर, जीप चालक गंभीर
खूँटी।झारखण्ड के खूँटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के मुरहू चौक स्थित छठ घाट के पास सड़क दुर्घटना में मुरहू पुलिस की जीप और ब्रिजफोर्ड स्कूल की बस के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना रविवार की शाम लगभग पांच बजे की है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। हादसे के समय पुलिस लाइन खूंटी से मुरहू थाना लौट रही पुलिस की खाली जीप सरकारी चालक हन्कू उरांव चला रहे थे। इसी दौरान, पंचघाघ से पिकनिक मनाकर राँची लौट रही ब्रिजफोर्ड स्कूल की बस छठ घाट के पास जीप से टकरा गई।बस में उस समय बच्चे और शिक्षक सवार थे, हालांकि सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा और शीशा टूट गया, जबकि पुलिस जीप का सामने का भाग बुरी तरह दब गया। दुर्घटना के बाद जीप चालक हन्कू उरांव उसी में फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस से सदर अस्पताल, खूंटी भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मुरहू पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया।

