उधार के 70 हजार मांगने पर कर दी मासूम की हत्या, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार …..

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस ने 13 वर्षीय प्रिंस की हत्या का मामला सुलझा लिया है। पैसे के लेन-देन के विवाद में 13 वर्षीय प्रिंस की हत्या कर दी गयी। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।इनमें से एक का नाम 24 वर्षीय रोहित कुमार गुप्ता है।रोहित गुप्ता ने मृत बच्चे के परिजनों से 70 हजार रुपये उधार लिये थे।पैसे मांगने पर मृतक के परिजनों से विवाद हो गया,जिसके बाद उसने अपने एक अन्य किशोर दोस्त के साथ मिलकर प्रिंस की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसके हाथ-पैर बांधकर बोरे में डाल दिया गया। पुलिस की अब तक की जांच में ये बातें सामने आई हैं।यह जानकारी लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी दीपक कुमार ने मीडिया को दी है।

धनबाद डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर दीपक कुमार ने बताया कि पड़ोसी रोहित गुप्ता ने मृतक के परिवार से 70 हजार रुपये कर्ज लिया था। परिवार उस पर कर्ज की रकम लौटाने का दबाव बना रहा था।इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।पैसों के लिए रोहित गुप्ता और उसके दूसरे दोस्त किशोर ने प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर दी।इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया।मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।आगे की जांच जारी है।आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

बता दें कि गुरुवार की दोपहर करीब 12:00 बजे केंदुआडीह थाना क्षेत्र के जेपी कैंप के पास झाड़ियों में 13 वर्षीय प्रिंस हरिजन का शव मिला था। प्रिंस जेपी कैंप मोहल्ले का रहने वाला था।शव बोरे में बंद था। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।वह बुधवार से लापता था।

परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।इसके बाद बुधवार शाम को परिवार ने पुलिस से शिकायत की।बालक प्रिंस हरिजन का शव आखिरकार गुरुवार को मिल गया। शव मिलने के बाद बच्चे की मां गुड्डी देवी ने पड़ोसी रोहित गुप्ता पर हत्या का आरोप लगाया था।