गढ़वा:जमीन विवाद में पुत्र ने बेटों संग मिलकर वृद्ध पिता की हत्या कर दी

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के धुरकी में एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया। मरने वाले व्यक्ति की नाम 70 वर्षीय भुखन राम बताया जा रहा है। हत्या का आरोप बेटे रामधार राम और उनके तीन लड़कों पर लगा है। मामला धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटीदिरी गांव का है। बताया जा रहा है कि बाप-बेटे के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लड़ाई हो गई। इसमें बेटे और पोतों ने वृद्ध पर कुदाल से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग इलाज के लिए लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान वृद्ध की रास्ते में मौत हो गई।

परिवार के लोगों ने बताया कि बुधवार को परिवार में जमीन का बंटवारा हो रहा था। इस दौरान बाप-बेटे में जमीन के छोटे टुकड़े को लेकर बहस हो गई। मामला मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर बेटे रामाधार राम और उनके पुत्र दिनेश राम, सुकुल राम व नागदेव राम मौजूद थे। चारों लोगों ने एक साथ मिलकर वृद्ध पर हमला कर दिया।घटना की खबर मिलते के बाद थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने अपने दल बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धुरकी पहुंचे।घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया।

घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। वृद्ध के परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल था। टाटीदिरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अखिलेश कुमार ने मृतक के घर पहुंच कर परिजनों को ढ़ाढ़स बंधाया। हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मौके पर बीडीसी अमजद अंसारी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।