Ranchi:दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजी ने अधिकारियों के साथ किया मंथन…
राँची। राजधानी राँची में दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है।शनिवार को राँची जोन के आईजी मनोज कौशिक ने राजधानी में चल रहे सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया और कई निर्देश भी जारी किया।शनिवार को राँची एसएसपी कार्यालय में राँची जोन के आईजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक हुई।इस बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर,ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के डीएसपी मौजूद रहे।
इस बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसे तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के बाद आईजी ने बताया हमारा फोकस शांति व्यवस्था बनाए रखने पर है। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है और वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
आईजी मनोज कौशिक ने बताया कि पूजा में सुरक्षा को लेकर 5000 से ज्यादा जवान राजधानी में तैनात किए गए हैं।इसके अलावा ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे राजधानी के मॉनिटरिंग की जा रही है। राजधानी राँची में न सिर्फ 5000 जवानों को तैनात किया गया है बल्कि दो कंपनी अर्धसैनिक बलों की भी बुलाई गयी है।
आईजी ने बताया कि पूजा आयोजकों के साथ समन्वय बैठक कर उन्हें गाइडलाइन की जानकारी दी गई है साथ ही पूजा पंडालों के पास अस्थायी कंट्रोल रूम और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी तैनात की जा रही है। प्रशासन की तैयारियों से साफ है कि इस बार दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने का लक्ष्य तय किया गया है।राँची में प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। अब आम लोगों की बारी है कि वे सहयोग करें और पर्व को मिलजुल कर मनाएं।

