हजारीबाग:तेज रफ्तार में यात्री बस पलट गया,एक दर्जन यात्री घायल

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के बडकागांव प्रखंड अंतर्गत बादम स्टैंड से हजारीबाग जाने के क्रम में मंगलवार सुबह एक तेज़ रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं एवं बच्चे शामिल हैं। इसमें कुछ लोग बिहार के नवादा के रहने वाले हैं। गंभीर रुप से घायल कुछ यात्रियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल हज़ारीबाग़ रेफर किया गया है,जबकि बाकी का इलाज स्थानीय पीएचसी में किया गया।दुर्घटना में घायल हुए लोगों में बादम रूद्दी निवासी सलामत मियां की पुत्री नुसरत जहां एवं पत्नी असीमून निशा, बड़ासी निवासी राम बहादुर राम की पत्नी कलिया देवी, अंबाजीत सुकुलखपिया निवासी देवकांत सिंह एवं उनकी मां आसमानी देवी, बिहार नवादा निवासी बाल गोविंद चौहान की पत्नी तुलसी देवी, 5 वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी एवं पिता सुखदेव चौहान, आजाद नगर रूद्दी निवासी हेना, सबीना एवं गुलाफसा शामिल है।

मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 5.30 बजे जेकेवाई नामक बस मीडिल स्कूल के निकट पुल के मोड के पास पलट कर खेत में जा गिरी। बस पलटते ही चालक पप्पू व उप चालक सरवर फरार हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक शराब के नशे में था। वह सोमवार की रात बारात से लौटकर सुबह बस चलाने आया था। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बस को अपने कब्जे में लिया। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया।