हजारीबाग:अपराधियों ने घर में घुसकर 40 वर्षीय विधवा महिला की हत्या कर दी,छानबीन में जुटी है पुलिस

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय महिला की घर में घुसकर अपराधियों ने हत्या कर दी। महिला के 10 वर्षीय पुत्र के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हत्या गुरुवार देर रात की गई है। बताया जाता है कि हत्या से पहले महिला की पिटाई भी की गई थी।हालांकि इस मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।जानकारी के अनुसार, सदर प्रखंड के सिलवार कला गांव में एक 40 वर्षीय विधवा महिला गीता देवी का शव उसके घर में ही खून से सना मिला है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस को आशंका है कि अज्ञात अपराधियों ने महिला की बेरहमी से पिटाई की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं, महिला के 10 वर्षीय पुत्र सरोज राणा के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।मृतिका के पुत्र सरोज के अनुसार वह अपनी माँ के साथ छत पर सो रहा था।इसी दौरान रात करीब बारह बजे एक फोन आया उसकी माँ नीचे चली गई। सुबह तीन बजे जब वह छत से उतर कर घर में गया तो उसकी माँ मृत पड़ी हुई थी। इसके बाद उसने पड़ोसियों को बुलाया और फिर पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

इधर थाना प्रभारी बजरंग महतो का कहना है विधवा गीता देवी पति स्व राजू राणा की हत्या कर दी गई। शुक्रवार को सुबह 10 साल का इकलौता बेटा जब सोकर उठा तब हत्या के इस मामले का खुलासा हुआ। इससे आसपास क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंग महतो ने कहा पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली पुलिस मौके पर पहुँची।पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।बताया कि उसके चेहरे पर गहरे घाव के निशान मिले हैं। मुंह से और नाक से खून निकलने के साथ इसके छींटे आसपास फर्श पर गिरे मिले हैं। घटनास्थल के आसपास महिला के हत्यारे के साथ संघर्ष करने के सामान दिख रहे हैं। मृतिका के पति की मौत तीन साल पहले हुई थी। तब से वह घर में अपने बेटे के साथ अकेले रहती थी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।