पुराने केस की खुन्नस में खौफनाक खेल! हर्ष का अपहरण, जंगल में निर्वस्त्र कर दी यातना; पिस्टल मंगाते ही पहुंची पुलिस, पढ़िए Inside Story

 

राँची। राजधानी राँची में आधी रात जन्मदिन की पार्टी से घर लौट रहे युवक को रास्ते से अगवा कर जंगल में ले जाकर बेरहमी से यातना देने के मामले में अब पुरानी दुश्मनी की पूरी कड़ी सामने आने लगी है। जिस युवक हर्ष कुमार वर्मा को रविवार की देर रात कथित तौर पर अगवा कर जंगल में ले जाया गया, उसके खिलाफ करीब चार महीने पहले राँची के सदर थाना में एक गंभीर आपराधिक मामला दर्ज हुआ था। इस पुराने मामले में आकाश कुमार साहु शिकायतकर्ता था, जबकि हर्ष वर्मा समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया था।अब उसी पुराने केस का शिकायतकर्ता आकाश कुमार साहु बीती रात हर्ष के अपहरण और जंगल में हुई कथित दरिंदगी के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों में शामिल है।गिरफ्तार आरोपियों में आकाश कुमार साहु, विनय साहु, असगर खान और भोला नायक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा XUV 500, पांच मोबाइल फोन, 6,500 रुपये और हर्ष के हस्ताक्षर वाला स्टांप पेपर बरामद किया है।सभी गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज गया है।इस मामले राँची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी के निर्देशन में अरगोड़ा थाना सहित अन्य थानों की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जिसके चलते युवक की जान बच गई।

मई में दर्ज हुआ था पुराना केस, आकाश ने ही हर्ष पर लगाए थे गंभीर आरोप

बीते मई महीने में सदर थाना में एफआईआर दर्ज हुई थी। इसमें शिकायतकर्ता का नाम आकाश कुमार साहु, पिता स्वर्गीय परमेश्वर प्रसाद साहु, निवासी गोदावरी विला अपार्टमेंट, कोकर बताया गया है। एफआईआर में आरोपी के तौर पर गौरव मिश्रा, आर्यन प्रसाद, उत्तम कुमार और हर्ष वर्मा के नाम दर्ज हैं।आकाश ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि 24 मई की रात करीब 11:55 बजे कुछ लोग उसके कमरे से बाहर आए और उसकी महिला दोस्त के साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। एफआईआर के मुताबिक, आकाश ने आरोप लगाया था कि उसे जान से मारने की नीयत से पीटा गया और धमकी दी गई कि अगर वह थाने गया तो अगली बार उसे पूरी तरह मार दिया जाएगा।

चेन, बाली और ब्रेसलेट छीनने का भी लगाया था आरोप

पुराने मामले में आकाश ने आरोप लगाया था कि मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की दो चेन, कान की एक बाली और हाथ का सोने का ब्रेसलेट भी ले लिया गया। उसने पुलिस को यह भी बताया था कि आरोपी XUV 500 गाड़ी से भागे थे।मारपीट में घायल होने के बाद आकाश को अस्पताल भेजे जाने की बात भी एफआईआर में दर्ज है। उसने अपने सिर में चोट लगने और टांके आने का भी उल्लेख किया था।यानी करीब चार महीने पहले आकाश शिकायतकर्ता था और हर्ष आरोपी। लेकिन बीती रात कहानी पूरी तरह पलट गई। अब हर्ष पीड़ित है और आकाश अपहरण व यातना के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में शामिल है।

पुलिस नहीं पकड़ रही है तो हम पकड़कर ला देते हैं’

पुलिस सूत्रों से सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुराने मामले को लेकर आरोपियों में हर्ष के प्रति काफी आक्रोश था। कथित तौर पर उन्होंने पुलिस से यह तक कहा था कि अगर पुलिस हर्ष को गिरफ्तार नहीं कर रही है तो वे खुद उसे पकड़कर पुलिस के पास ले आएंगे।लेकिन रविवार की रात जब हर्ष जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा था, तो आरोप है कि उसे पुलिस के हवाले करने के बजाय आरोपियों ने खुद ही रास्ते में घेर लिया।इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे मामले को बेहद खौफनाक बना दिया।

जन्मदिन मनाकर लौट रहा था हर्ष, रास्ते में घेरकर किया अपहरण

एफआईआर के मुताबिक, 14 सितंबर की रात करीब 12:10 बजे हर्ष अपने दोस्तों के साथ आई-20 कार से लालपुर से जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर कडरू स्थित घर लौट रहा था। कार्तिक उरांव चौक के पास उसकी कार खराब हो गई। हर्ष और उसके दोस्त कार ठीक करने की कोशिश कर रहे थे।इसी दौरान करीब आधे घंटे बाद एक महिंद्रा XUV 500 वहां आकर रुकी। उसमें सवार तीन-चार लोग नीचे उतरे और हर्ष को पकड़ लिया। आरोप है कि विरोध के बावजूद उसे जबरन XUV में बैठा लिया गया।

चलती गाड़ी में गला दबाया, बेहोश होने के बाद जंगल में ले गए

पीड़ित हर्ष के मुताबिक, आरोपियों ने गाड़ी में ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके मुंह और कान पर वार किए गए। दोनों तरफ से गले में फंदा लगाकर खींचा गया। मारपीट के कारण वह बेहोश हो गया।जब होश आया तो वह खुद को एक सुनसान जंगली इलाके में पाया। वहां करीब छह लोग मौजूद थे। हर्ष ने इनमें से आकाश कुमार साहु और विनय कुमार साहु को पहचानने की बात पुलिस को बताई है।

जंगल में निर्वस्त्र किया, सिगरेट से जलाया और मुंह पर किया पेशाब

इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर हर्ष के कपड़े उतरवा दिए। उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि सिगरेट से उसके शरीर को जलाया गया और जलती सिगरेट उसके मुंह में डाल दी। हर्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि आकाश साहु ने उसके शरीर और माथे पर पेशाब किया। वह लगातार अपनी जान बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी पिटाई जारी रखी।

सबसे खौफनाक बात- ‘पिस्टल मंगाओ, इसे गोली मारना है’

इस पूरी वारदात का सबसे सनसनीखेज पहलू सामने तब आया, जब हर्ष के मुताबिक आरोपी उसकी हत्या की तैयारी करने लगे

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आकाश साहु अपने साथियों से पिस्टल मंगाने और उसे गोली मारने की बात कह रहा था। यानी कथित तौर पर युवक को सिर्फ पीटने या डराने की योजना नहीं थी, बल्कि उसकी हत्या तक की तैयारी की जा रही थी।इसी दौरान हर्ष से गवर्नमेंट ऑफ झारखण्ड के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी करवाए गए। पुलिस ने ऐसा ही हस्ताक्षर किया हुआ स्टांप पेपर बरामद किया है।

पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही मची भगदड़

मारपीट के दौरान आरोपी आपस में नाम लेकर बात कर रहे थे। हर्ष ने पुलिस को बताया कि उसने आकाश कुमार साहु, विनय कुमार साहु, असगर खान और भोला नायक के नाम सुने।इसी दौरान जब पुलिस की गाड़ी वहां पहुंची तो आरोपियों को भनक लग गई। आरोप है कि आकाश ने अपने साथियों से भागने को कहा। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर हर्ष को उनके कब्जे से मुक्त कराया। दो आरोपियों के दूसरे रास्ते से भागने की बात भी सामने आई है।

चार आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश

राँची पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में असगर खान, विनय साहु, भोला नायक और आकाश कुमार साहु शामिल हैं। पुलिस ने XUV 500, पांच स्मार्टफोन, 6,500 रुपये और हर्ष के हस्ताक्षर वाला स्टांप पेपर बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश कुमार साहु का पूर्व में लोहरदगा थाना में भी आपराधिक मामला दर्ज रहा है। इस मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या 246/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुरानी एफआईआर से नए कांड तक पलटी पूरी कहानी

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प कड़ी करीब चार महीने पुराना सदर थाना का केस है। उस केस में आकाश ने हर्ष वर्मा और तीन अन्य लोगों पर मारपीट, छेड़छाड़, छिनतई और धमकी के आरोप लगाए थे। अब उसी पुराने मामले के बाद हर्ष को कथित तौर पर रास्ते से उठाकर जंगल में ले जाया गया और उसके साथ ऐसी बर्बरता की गई कि पुलिस के समय पर पहुंचने से उसकी जान बची।पुराने केस में आकाश शिकायतकर्ता था और हर्ष आरोपी। बीती रात के केस में हर्ष पीड़ित है और आकाश गिरफ्तार आरोपी। यही उलटफेर इस पूरे मामले को और गंभीर बना रहा है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या बीती रात की वारदात वास्तव में पुराने केस का बदला लेने के लिए रची गई थी, इस पूरी साजिश में कितने लोग शामिल थे, पिस्टल किससे मंगाई जा रही थी और हर्ष से स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर क्यों करवाए गए।एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर राँची पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने कथित तौर पर उस वक्त बड़ी वारदात टाल दी, जब हर्ष को जंगल में ले जाकर उसकी हत्या की तैयारी की जा रही थी।

इधर ,मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस खौफनाक वारदात के पीछे की पूरी कहानी और भी साफ होने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बिट्टू, उत्तम समेत अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।आज सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेसवार्ता कर घटना के सबन्ध में जानकारी दी।

error: Content is protected !!