गिरिडीह:परदेसी दूल्हे संग ब्याही गयी झारखण्ड की नाबालिग बेटी ! पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है,पुलिस मामले की जांच कर रही है…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह शहरी इलाके में बाल विवाह का मामला सामने आया है।यहां झारखण्ड की बिटिया की शादी परदेसी दूल्हे संग कराई गई है। लड़की नाबालिग बतायी जा रही है और दूल्हे की उम्र 35 वर्ष से अधिक की बतायी जा रही है। इस मामले की जानकारी के बाद मुफ्फसिल पुलिस एक्टिव हुई और उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले लड़के के साथ आए सभी लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। इसके अलावा लड़की और उसके परिजनों को भी थाने लाया गया है।थाना लाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।वहीं सीडब्ल्यूसी को भी इसकी सूचना दी गई है।सीडब्ल्यूसी की टीम भी लड़की के उम्र के सत्यापन के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार,बुधवार की रात लगभग 11 बजे मुफ्फसिल थाना प्रभारी कमलेश पासवान को सूचना मिली कि शहर से मुफ्फसिल थाना इलाके के झरियागादी शिव मंदिर में एक लड़की की शादी उत्तर प्रदेश के दूल्हे संग करायी जा रही है।यह भी सूचित किया गया कि लड़की नाबालिग है। थाना प्रभारी ने पूरे मामले के बारे में एसपी दीपक कुमार शर्मा और एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह को अवगत कराया और फिर पुलिस की तीन टीम को उस स्थान पर भेजा।यहां पुलिस की टीम पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को थाना लायी।

थाना पहुंचे दूल्हे ने बताया कि छह माह से शादी की बात चल रही थी और दोनों पक्ष की मर्जी से शादी हुई है। दूल्हे का कहना था कि लड़की अब 18 साल की हो चुकी है। हालांकि पुलिस लड़के के इस तर्क से संतुष्ट नहीं दिखी।इस दौरान महिला पुलिस की मौजूदगी में थाना प्रभारी ने लड़की से उसकी शिक्षा के संबंध ने जानकारी ली।लड़की ने बताया कि वह एक वर्ष पूर्व कक्षा आठ में पढ़ती थी।एक साल से स्कूल नहीं गई है। लड़की ने कहा कि उसके घरवाले गरीब हैं और दहेज नहीं दे सकते इसलिए उसकी शादी परदेस में करा दी गई है। लड़की की बात सुनने के बाद थाना प्रभारी ने उसके पिता से बात की। बताया कि कम उम्र में शादी उस पर लड़की से लड़के के उम्र में दो गुणा से अधिक का अंतर किस तरह से नुकसान पहुंचा सकता है। यह भी बताया कि बच्चियों की पढ़ाई से लेकर भविष्य को लेकर सरकार किस तरह कल्याणकारी योजना चला रही है। परिजनों से बात करने के बाद थाना प्रभारी ने कहा कि दूसरे प्रदेश के दूल्हे के साथ नाबालिग लड़की की शादी की सूचना पर कार्रवाई हुई है। अभी सभी पहलुओं पर जांच हो रही है।

इस सम्बंध में एसपी दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि उन्हें रात में सूचना मिली थी कि यूपी के कुछ लोग आकर नाबालिग से शादी रचा रहे है।उसके बाद उनके निर्देश पर कार्रवाई की गई है।मामले की जांच की जा रही है।बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।मामला मानव तस्करी से जुड़ा है या नहीं इस पर भी जांच हो रही है।जांच के बाद सम्बन्धित लोगों पर कार्रवाई की जायेगी। लड़की की उम्र का भी सत्यापन किया जा रहा है।

इधर चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन राँची के सचिव बैद्यनाथ कुमार को जब इस घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने कहा कि मामले में उन्होंने एसपी से बात किये और एसपी से इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने का आग्रह किये है।उन्होने कहा कि बाल विवाह करना और कराना एक संगीन अपराध है।इस पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।उन्होंने बताया कि इस मामले मानव तस्करी का मामला दर्ज होना चाहिए।बता दें चाइल्ड राइट्स फाउंडेसन और सत्यार्थी फाउंडेशन इन दिनों राज्य में बाल विवाह भारत मुक्त पर एक कार्यक्रम चला रहे हैं।झारखण्ड सीआईडी ने बाल विवाह रोक थाम के लिए सभी जिलों के एसपी को पत्र भी लिखा है।बाल विवाह पर कार्यक्रम चलाकर लोगों को जागरूक करने कहा है।।इसी बीच बाल विवाह होने की सूचना मिली है।