गिरिडीह:अवैध सम्बंध में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी,पत्नी गिरफ्तार, तीन दिन पहले गुजरात से घर लौटा था पति

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर में अवैध संबंध में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी।बताया जाता है कि घटना को सोमवार की रात अंजाम दिया गया। मरने वाले व्यक्ति की पहचान औरा पंचायत के दामा गांव के रहने वाले 35 वर्षीय रामचंद्र महतो के रूप में की गई है। वह गुजरात में काम करता था। तीन दिन पहले वह घर लौटा था।सोमवार की रात पति को पत्नी के अवैध रिश्ते के बारे में पता चला गया।इसको लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान पत्नी ने पति को जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद देर रात तकरीबन दो बजे पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी युवक के सहयोग से पत्नी कौशल्या देवी ने पति की हत्या कर दी।पति रामचंद्र महतो के सिर पर पत्थर और कुल्हाड़ी से वार किया गया। इसमें उसकी मौत हो गई।

इधर मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।उसके बाद पूछताछ में पुलिस के समक्ष पत्नी कौशल्या ने स्वीकार किया है कि गांव के तुलसी साहू नाम के युवक से उसके अवैध संबंध हैं। माना जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच इसी कारण से रात विवाद हुआ। इसके बाद पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर जघन्य घटना को अंजाम दिया।

इधर पुलिस ने पत्नी कौशल्या को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।वहीं कथित प्रेमी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।