गिरिडीह:अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में सात लोग घायल,एक युवक की मौत,वहीं चार मवेशियों की भी मौत हुई है

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में अलग अलग जगहों पर सड़क दुर्घटना हुई है।जिसमें एक कि मौत आधा दर्जन से ज्यादा घायल।वहीं चार मवेशियों की भी मौत हुई है।बताया गया कि जमुआ थाना क्षेत्र के खेदुवाडीह खरगडीहा के पास रविवार देर रात एक पिकअप वैन ट्रक के पीछे जा टकराई। इससे वैन में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वैन में लदे चार मवेशियों की भी मौत हो गई। मृतक देवरी थाना क्षेत्र के टोलाटांड़ निवासी कांग्रेस राय के 26 वर्षीय पुत्र विकास कुमार था, जबकि घायल रायडीह निवासी अरुण राय है। बताया जाता है कि विकास अपने घर के लिए मवेशी खरीदकर पिकअप वैन में ला रहा था। इसी क्रम में यह हादसा हुआ।परिजनों ने बताया कि विकास परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस घटना से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है,वहीं गांव में मातम है। परिजन ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

दूसरी घटना निमियाघाट : पुराना जीटी रोड पर सोमवार दोपहर डुमरी थाना के निकट खड़ा आटो में एक बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान डुमरी पंचायत के सिमराडीह निवासी रूपलाल महतो का 18 वर्षीय पुत्र अर्जुन महतो के रूप में हुई। अर्जुन बाइक से इसरी बाजार किसी काम से गया था। लौटने के क्रम मे उक्त स्थान पर सवारी को उतारने के लिए आटो खड़ा था, जिससे उसकी बाइक की टक्कर हो गई। बाइक की तेज रफ्तार व लापरवाही से कट मार कर निकलने के क्रम में संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को घुजाडीह स्थित मीना जेनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आटो व बाइक को कब्जे में ले लिया है।

तीसरी घटना पीरटांड़ : पालगंज मोड़ पर सोमवार को दो कारों के बीच टक्कर हो गई। इसमें पांच लोग घायल हो गए। तीन लोगों को धनबाद रेफर कर दिया गया है, जबकि दो लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि एक आल्टो कार डुमरी की ओर से आ रही थी, जबकि सियाज कार गिरिडीह की ओर से आ रही थी। इसी क्रम में पालगंज मोड़ स्थित नव निर्मित पावर सब स्टेशन के पास दोनों कारों में टक्कर हो गई। इस घटना में आल्टो के परखच्चे उड़ गए। साथ ही उसमें सवार चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय पुलिस अपने गश्ती वाहन से गिरिडीह ले गई। दूसरी कार में सवार दो घायलों को गिरीडीह भेजा गया। तीन लोगों की हालत चितानजक बताई गई है, जिन्हें धनबाद रेफर किया गया है।