बच्चा चोरी के अफवाह पर उग्र भीड़ का कहर, तीन महिलाओं की पिटाई,पुलिस ने महिला को भीड़ से बचाया..

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती दी है।बुधवार को ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के निछानी पुल के समीप तीन महिलाओं को संदेह के आधार पर भीड़ ने घेर लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मौके पर पहुंची, पुलिस टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके में अचानक बच्चा चोरी की बात फैल गई।अफवाह ने कुछ ही मिनटों में उग्र रूप ले लिया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।बिना किसी ठोस प्रमाण के तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझ लिया गया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट शुरू कर दी गई।भीड़ ने महिलाओं पर लात-घूंसे बरसाए, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन उत्तेजित भीड़ ने पुलिस वाहन पर भी चप्पल और जूते फेंके। काफी मशक्कत और समझाने के बाद पुलिस ने तीनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने ले गई।बाघमारा के एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि बच्चा चोरी की सूचना की सत्यता की जांच की जा रही है। अब तक किसी प्रकार की पुष्टि नहीं हुई है।उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

error: Content is protected !!