पलामू:माइनिंग विवाद में गोलीबारी,एक महिला को लगी गोली,आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है पुलिस

पलामू।मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के पिपरडीह में माइनिंग विवाद में बुधवार को गोलीबारी से इलाका दहल गया। इस घटना में एक महिला को पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कालेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।सूचना पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल से आधा दर्जन बाइक और जेसीबी को जब्त किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी सदलबल मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की जा रही है।बताया गया किनएक दर्जन से अधिक हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की है।

मिली जानकारी के अनुसार पिररडीहा के होरिल साव नामक व्यक्ति ने माइनिंग के लिए 17 वर्ष पहले सीताराम तिवारी नामक व्यक्ति को लीज पर जमीन दी थी। लीज और जमीन को लेकर पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा था। होरिल साव के बेटे संतोष साव ने बताया कि सीताराम तिवारी अवैध रूप से माइनिंग कर रहे हैं, उनका लीज खत्म हो गया है। वे और उनके परिजन लगातार माइनिंग करने से मना कर रहे हैं। बावजूद अवैध रूप से माइनिंग चल रही है।माइनिंग रोकने को लेकर उन्हें धमकी दी जा रही थी। बुधवार को अचानक एक दर्जन से अधिक हमलावर उनके घर पहुंचे और परिजनों को धमकी दे रहे थे। जानकारी मिलने के बाद सभी लोग इकट्ठा हुए और गांव में पहुंचे। इसी क्रम में हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में उनकी पत्नी अजंती देवी को गोली लगी है।

इधर थाना प्रभारी कमलेश कुमार के अनुसार मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।