दुमका पुलिस को मिली बड़ी सफलता,विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म मामले में सभी आरोपी गिरफ्तार….

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुरमाहाट से स्पेनिश महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले के अन्य पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के पश्चात सभी को दुमका कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।दुमका समाहरणालय स्थित एसपी सभा कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने इसकी जानकारी दी।उन्होंने बताया कि 1 मार्च की रात हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुरमाहाट के समीप एक विदेशी दंपति टेंट लगाकर रात्रि विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान आठ लोगों ने दंपति के साथ लूटपाट की तथा स्पेनिश महिला के साथ सामुहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को 1 मार्च की देर रात ही गिरफ्तार कर लिया था,जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।इसी दौरान मंगलवार को पुलिस ने फरार सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।