शराब के नशे में ऑटो चालक ने मालिकन को मारी गोली,पेट में लगी गोली,महिला की हालत गंभीर….

दुमका।झारखण्ड के दुमका में एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया है। बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक ने नशे की हालत में अपनी मालकिन पर गोली चला दी। गोली महिला के पेट में लगी है। उसकी हालत गंभीर है। गोली चलने की आवाज के बाद पड़ोस के लोग घरों से निकल कर आए। महिला को आनन-फानन में दुमका मेडिकल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। गोली चलाने वाले का नाम रूपलाल हांसदा है। वहीं महिला का नाम संगीता किस्कू है। घटना शनिवार देर रात की बतायी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार,दुमका नगर थाना क्षेत्र हांसदा क्लीनिक के सामने मांझी टोला में 35 वर्षीय संगीता किस्कू अपने दो बच्चों के साथ रहती है। उसका एक ऑटो है। उस ऑटो को किराए पर जामा थाना क्षेत्र के असंथर गांव का रहने वाला रूपलाल हांसदा चलाता है। बदले में हर दिन मालकिन को पैसे देता था। शनिवार को देर रात वह मालिकन के घर ऑटो लगाया। रात अधिक हो जाने की वजह से वह वहीं रूक गया था। इसी बीच पैसे की बात को लेकर दोनों में बकझक हुआ। इतने में रूपलाल हांसदा ने उसे गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि असंथर गांव का रहने वाला रूपलाल हांसदा संगीता किस्कू का ऑटो चलाता था। हर दिन तय समय पर उसके यहां ऑटो लगा कर अपने घर चला जाता था। शनिवार की शाम नशे की हालत में वह देर रात ऑटो लेकर आया। रात अधिक हो गयी तो मालकिन ने उसे वहीं रूक जाने को कहा। इसके बाद पैसे की बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गयी। ग्रामीणों की मानें तो ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि वह संगीता के घर रूका था। ऑटो चलाने में देर होने पर वह वहीं रूक जाया करता था।

पुलिस का कहना है कि रात को नशे में धुत ऑटो चालक ने महिला से पैसों की मांग की थी। महिला ने पैसे देने से इंकार किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद चालक महिला के पेट में गोली मारकर भाग गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

सूचना मिलने पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि महिला को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना का कारण पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है।