Ranchi:रिंगरोड में कम्बल में लिपटा मिला शव उग्रवादी का निकला,मृतक पर दर्जनों मामले दर्ज है…

राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र के बालसिरिंग पुल के समीप जिस व्यक्ति का पुलिस ने शुक्रवार की सुबह शव बरामद किया था,उसकी शिनाख्त कर ली गई है। शनिवार को मृतक के पिता धुर्वा थाना पहुंचे और उन्होंने पुलिस को बताया कि शव उनके पुत्र का है। उसका नाम बरनावश बाखला उर्फ बानरा है। बताया कि वह मूलरूप से खूंटी जिले के कर्रा का रहने वाला है वर्तमान में रातू थाना क्षेत्र के कांठी टांड़ के आसपास रह रहा था। वह उग्रवादी संगठन पीएलएफआई से जुड़ा हुआ था। पुलिस के अनुसार उग्रवादी बरना पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।और पीएलएफआई के एरिया कमांडर है।वहीं जानकारी मिली है कि एक माह पहले लोधमा में जमीन विवाद में हुई एक हत्या के मामले में भी बरना शामिल था। उसके खिलाफ खूंटी, तुपुदाना समेत कई थानों में हत्या,रंगदारी समेत अन्य केस दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि बरना की हत्या की घटना को उग्रवादी संगठन ने ही अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

बता दें रिंगरोड बालसिरिंग पुल के समीप शुक्रवार की सुबह पुलिस ने कंबल में लपटा एक शव बरामद किया था। मृतक के शरीर की कई जगहों पर जख्म थे। मृतक के सिर पर धारदार हथियार से मारने के निशान मिले थे। पुलिस का कहना था कि युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को कंबल में लपेट कर बालसिरिंग पुल के पास फेंक दिया। पुलिस की टीम ने शव की आसपास की बस्ती में पहचान करायी थी। मगर मृतक का कुछ पता नहीं चला था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। मामले में धुर्वा थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने पिता से सम्पर्क किया

बताया जाता है कि शुक्रवार को सुबह जब पुलिस ने शव बरामद किया तो दिन भर शव की पहचान कराने में पुलिस जुटी थी।इसी बीच किसी अज्ञात ने फोन कर बताया कि मृतक नगड़ी इलाके में जमीन का भी काम करता है।कभी कभी इलाके में देखा गया है।उसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मृतक के पिता को थाना लाया।पिता ने पहचान की। कहा उसका बेटा बरनावश बाखला है।

किराये के मकान में रहने आया था लेकिन आठ महीने से गायब था

जानकारी के अनुसार मृतक बाखला सात आठ महीने पहले रातू इलाके में रहने आया था।लेकिन घर में नहीं रहता था।ज्यादा समय जंगलों में बिताया करता था।पुलिस को आशंका है कि कहीं बानरा के साथियों ने हत्या कर शव बांधकर फेंक तो नहीं दिया।वहीं दूसरी ओर बाखला जमीन का काम भी करता था हो सकता है जमीन विवाद में हत्या की गई है।पुलिस कई विंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने कॉल डंप सहित अन्य टेक्निकल सहायता से हत्यारे तक पहुँचने में जुटी है।