गुमला:तेज रफ्तार में दो बाइक के बीच हुई टक्कर,तीन युवक की मौत, दो घायल

गुमला।झारखण्ड में गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र के नावा टोली नहर मोड़ के समीप दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन युवक की मौत हो गई ।ये दुर्घटना राँची-गुमला मुख्य मार्ग में हुई है जहां शनिवार को दो बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत हो गई जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में भरनो थाना क्षेत्र के मकरा गांव निवासी 18 वर्षीय परमेश्वर उरांव, 16 वर्षीय बिन्देश्वर उरांव, और कर्रा थाना क्षेत्र के बमरला गांव निवासी भक्तु गोप शामिल है।जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में मकरा गांव निवासी प्रकाश लोहरा और लापुंग थाना क्षेत्र के पोकटा गांव निवासी बजरंग लोहरा शामिल है। स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भरनो में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर कर दिया गया। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार को अपराह्न करीब डेढ़ बजे दो बाइक पर सवार होकर अलग-अलग इलाके से 5 युवक होली मनाने निकले थे। दोनों बाइक की रफ्तार बेहद तेज थी। इसी दौरान दोनों की टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी जोरदार रही कि दोनों बाइक के परखचे उड़ गए। बाइक में सवार सभी 5 युवक सड़क पर गिर गए। इसमें सबको गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना देते हुए घायलों की अस्पताल भेजा गया।चिकित्सकों ने 3 युवकों को मृत घोषित कर दिया। 2 का इलाज शुरू किया गया। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। फिर अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। तीन युवकों की मौत के बाद इनके परिवार में कोहराम मच गया।परिजन व उनके गांव के लोग आधी रात को इधर उधर भागते रहे। होली का त्योहार पल भर में मातम में बदल गया। रात में पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने आई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।आज रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।