राज्य में बढ़ते अपराध और रेप की घटनाओं पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन, सीएम का फूंका पुतला

राँची। झारखण्ड में हो रही दुष्कर्म की घटना को लेकर आज भाजपा के महिला मोर्चा और भाजपा महानगर ने एल्बर्ट एक्का चौक के पास मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का पुतला दहन किया। बता दें ओरमांझी थाना क्षेत्र में उस वक्त लोग दहशत में आ गए,जब इलाके के जंगल से एक युवती का सिर कटी और पूरी तरह नग्न अवस्था में लाश मिली। मृत युवती के बदन पर एक भी कपड़े नहीं थे। युवती को काफी बेरहमी से मारा गया है। यहां तक कि उसके गुप्तांग भी काट दिए गए हैं। राजधानी से महज 20 किलोमीटर दूर ओरमांझी के जंगल में घटी इस घटना के खिलाफ और सूबे में व्याप्त लचर कानून व्यवस्था को लेकर आज राजधानी राँची में भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा ने अल्बर्ट इक्का चौक पर विरोध मार्च निकाला। साथ ही राज्य में बढ़ती बलात्कार की घटना और लचर कानून व्यवस्था को लेकर सीएम हेमंत सोरेन का पुतला फूंक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की आरती कुजूर ने कहा कि हेमंत सरकार की नाकामियों ने अपराधियों का मनोबल बढ़ाया है। वहीं मेयर आशा लकड़ा ने उस घटना की निंदा करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर मौजूद राँची के सांसद संजय सेठ ने झारखण्ड सरकार के एक वर्ष की उपलब्धियों पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि ये सरकार की नाकामियां है जो उन्हें दिखाई नही दे रहा है। इस मामले को वह संसद में उठाएंगे।
वही दूसरी तरफ इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले को उस वक्त रोकने का प्रयास किया जब मुख्यमंत्री मंत्रालय से अपने आवास जा रहे थे। स्थानिय लोगों ने इस दौरान जमकर सड़क पर बवाल काटा। जिस वजह से मुख्यमंत्री के सुरक्षा कर्मियों को उन्हें दूसरे रास्ते से ले जाना पड़ा।