चुटिया शिव मंडा पूजा:अंगारों पर चलकर दिया आस्था का परिचय,आज शोभायात्रा,झूलन और मेला…

राँची।शिव मंडा पूजा समिति चुटिया द्वारा लोअर चुटिया महादेव मंडा में मंडा पूजा का आयोजन किया किया।गुरुवार को फुलखुंदी के साथ कई अनुष्ठान हुए। पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की गई। देर रात भोक्ताओं ने आग के ऊपर नंगे पांव चलकर भक्ति और शक्ति का परिचय दिया। इसमें दर्जनों भोक्ता शामिल हुए। सर्वप्रथम भोक्ता स्वर्णरेखा नदी पर स्थित दादुल घाट पहुंचे। वहा पर मिट्टी की ढकनी को भोक्ताओं ने बालू से बने शिवलिंग पर हाथों से फोड़ा। जिस भोक्ता का ढकनी फूट गया, उसकी तपस्या सफल हुई और जिस भोक्ता का ढकनी नहीं टूटा, उसे पंडित जी द्वारा दंड दिया गया। इस अनुष्ठान के बाद सभी भोक्ता नगर भ्रमण पर निकल पड़े। शाम में फूलखुंदी के लिए भोक्ता महादेव मंडा पहुंचे। लोटन सेवा अनुष्ठान के बाद सभी भक्त एक-दूसरे को आपसी भाईचारा का परिचय देते हुए 21 बार गले मिले। इसके बाद मंदिर में बाबा भोलेनाथ की श्रृंगार पूजा बले शिवा मनी महेश काशी बैजनाथ उड़ीसा जगन्नाथ गजा गजाधर आधव माधव गौरीशकर महेश दाता दिगम महेश बले शिवा मनी महेश के जयकारे के साथ हुई। अंतिम अनुष्ठान में भोक्ताओं ने अंगारों के ऊपर नंगे पाव चल कर अपनी भक्ति और शक्ति का परिचय दिया।

निकाली जाएगी शोभायात्रा

शुक्रवार की दोपहर में प्राचीन श्रीराम मंदिर से महादेव मंदिर तक शिव भक्तों की शोभायात्रा एवं राधा चक्र निकाला जाएगा। शाम में महादेव मंडा के प्रागण में झूलन एवं मेला का आयोजन होगा।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति का अध्यक्ष राजकुमार महतो, लालो महतो, रवि गोप, उदय पासवान, मिथिलेश गोप, प्रमोद गोप, पंकज महतो,धनंजय सिंह, चुन्नू गोप, आयुष कुमार, रविंद्र महतो, गुल्लू गोप, तपन महतो आदि उपस्थित रहे।