प्रधानमंत्री मोदी से मिलेंगे मुख्यमंत्री हेमन्त, मुलाकात में होगी मदद की बात!

रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 10 जनवरी की शाम सेवा विमान से दिल्ली गये। वह 11 जनवरी को लगभग साढ़े दस बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। इस शिष्टाचार मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री को नव वर्ष की शुभकामनाएं देने के अलावा मुख्यमंत्री इस मुलाकात में राज्य सरकार को उनसे अपेक्षित मदद की भी मांग करेंगे। केंद्र के साथ राज्य सरकार के ट्विनिंग को बनाने की कोशिश करेंगे।

13 जनवरी को भी दिल्ली जाएंगे हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री 11 जनवरी को ही रांची वापस लौट अायेंगे। फिर वह 13 जनवरी को भी दिल्ली जायेंगे। उस दिन वह कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलायी गयी गैर भाजपा दलों की बैठक में शामिल होंगे। सोनिया गांधी ने सीएए, एनअारसी व अन्य मुद्दों पर विपक्षी दलों की बैठक बुलायी है। इसमें केंद्र की भाजपा सरकार विरोधी रणनीति पर एकजुटता बनाने की कोशिश की जाएगी।

इससे पहले शुक्रवार कोमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजभवन में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। कल्पना सोरेन ने राज्यपाल का पैर छूकर आशीर्वाद लिया और फिर शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

मालूम हो कि पूर्व में भी हेमंत सोरेन ने मिलने का समय मांगा था। छह जनवरी को पीएमओ ने समय दिया था, लेकिन उसी दिन से विधानसभा का सत्र शुरू होने के कारण हेमंत सोरेन दिल्ली नहीं जा सके थे। फिर पीएमओ ने 10, 11 या 12 जनवरी को मिलने का समय दिये जाने का संकेत पहले ही दे दिया था।

error: Content is protected !!