बैंक फ्रॉड से निवेश घोटाले तक CBI का बड़ा एक्शन, 93 करोड़ की धोखाधड़ी में केस; LIC-Reliance मामले में आठवीं चार्जशीट
मुंबई। वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े दो बड़े मामलों में सीबीआई ने कार्रवाई तेज कर दी है। एक मामले में मुंबई की कंपनी पर 93.44 करोड़ रुपये के बैंक नुकसान का केस दर्ज कर छापेमारी की गई है, जबकि दूसरे में रिलायंस कम्युनिकेशंस और एलआईसी निवेश मामले में आठवीं चार्जशीट दाखिल की गई है।
135 करोड़ के लोन में गड़बड़ी का आरोप
पंजाब नेशनल बैंक की शिकायत पर सीबीआई ने हांजेर बायोटेक एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि संदिग्ध इनवॉइस के आधार पर करीब 135 करोड़ रुपये का टर्म लोन लिया गया और रकम को तय उद्देश्य से हटाकर दूसरी जगह डायवर्ट किया गया। इससे बैंक को करीब 93.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जांच एजेंसी ने मुंबई के कई ठिकानों पर छापेमारी कर बैंकिंग और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
LIC-Reliance मामले में आठवीं चार्जशीट
दूसरी कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस और एलआईसी निवेश मामले में हुई है। सीबीआई ने मुंबई की विशेष अदालत में आठवीं चार्जशीट दाखिल की है। इसमें रिलायंस कम्युनिकेशंस के साथ अमिताभ झुनझुनवाला, विशाल जोशी और तत्कालीन एलआईसी चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर पी. वेणुगोपाल को आरोपी बनाया गया है।जांच के अनुसार, वर्ष 2012 में एलआईसी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के 1,500 करोड़ रुपये के एनसीडी में निवेश किया था। सीबीआई का आरोप है कि बाद में इस रकम को अन्य समूह की कंपनियों में डायवर्ट किया गया। इस मामले में कुल नुकसान का अनुमान 3,750 करोड़ रुपये बताया गया है। एजेंसी अब तक 7 गिरफ्तारियां कर चुकी है।

