बंदूक की नोक पर महिला बैंककर्मी से नकद और स्कूटी की छिनतई,पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी में जुटी…

चाईबासा।झारखण्ड पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के रुंगसाई से मंडलसाई जाने वाली रास्ते में एक महिला बैंककर्मी से दिनदहाड़े छिनतई हो गई।घटना बुधवार की सुबह करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है,जहां अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर महिला बैंककर्मी से 43 हजार 215 रुपए की छिनतई कर ली और महिला से स्कूटी भी छीन कर फरार हो गए।मिली जानकारी के मुताबिक कि चक्रधरपुर के बंधन बैंक शाखा में काम करने वाली महिला शिखा प्रजापति चक्रधरपुर के टोंकाटोला व रुंगसाई से महिला समूह के पैसे इकट्ठे कर चक्रधरपुर के लोकनाथनगर स्थित अपने कार्यालय जा रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश युवकों ने घटना को अंजाम दिया।

अपराधियों ने पहले महिला को पिस्टल दिखाकर रोका।इसके बाद युवकों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद महिला कर्मी ने शाखा प्रबंधक (मैनेजर) दिवाकर कुमार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला कर्मी ने चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज कराया। महिला बैंक कर्मी ने बताया कि रंगसाई से जब वह कार्यालय जा रही थी, तभी दो युवक सामने आ गये।इस बीच जब उसने गाड़ी का हॉर्न बजाकर साइड मांगा, तो युवकों ने स्कूटी से चाबी निकाल ली।इसके बाद युवकों ने पिस्टल का भय दिखा कर 43 हजार 215 रुपये छीन लिये। वहीं स्कूटी भी लेकर भाग गए। इधर चक्रधरपुर थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।