Breaking:राँची के बुढ़मू में रफ्तार का कहर,दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर मौत,एक की हालत नाजुक

राँची। जिले के बुढ़मू में शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे थाना क्षेत्र के मक्का गांव में हुए सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतकों में दीपक उरांव पिता उदय उरांव, अरूण मुंडा पिता शिवचरण मुंडा और सुरज मुंडा पिता हरिचंद्र मुंडा शामिल हैं। वहीं बाइक में सवार चौथा युवक विजय मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया है। सभी मक्का डहुटोला के रहने वाले थे। मिली जानकारी के अनुसार ये चारों एक ही बाइक (जेएच012डीएच 2264) में बगैर हेलमेट के साप्ताहिक बाजार बुढ़मू से अपने घर मक्का डहुटोला जा रहे थे। इसी दौरान मक्का गांव के पास एक खड़े टै्रक्टर में टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के अनुसार सभी अत्यधिक शराब का सेवन किये हुए थे।तेज रफ्तार बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं घायल विजय मुंडा को 108 के माध्यम से सीएचसी बुढ़मू लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया। गांव के तीन युवकों की मौत से मक्का डहुटोला में कोहराम मच गया। परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।पुलिस शव कब्जे में लेकर थाना ले गया है। सुबह पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जाएगा। वहीं पुलिस छानबीन में जुटी है।