पंजाब: नगर कीर्तन के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली में ब्लास्ट, दो की मौत एक दर्जन से ज्यादा घायल।

(पंजाब). तरनतारन में शनिवार को धार्मिक आयोजन के दौरान पटाखों की ट्रॉली में विस्फोट हो गया। इस घटना में 2 लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार की दोपहर तब हुआ, जब श्रद्धालु नगर कीर्तन में शामिल होने बाबा दीप सिंह के जन्मस्थान टाहला जा रहे थे। इस कार्यक्रम में आतिशबाजी के लिए ही ट्रॉली में पटाखे रखे गए थे। तरनतारन एसएसपी ने पहले इस घटना में 10 से ज्यादा लोगों की मौत की जानकारी दी थी, लेकिन अब अमृतसर रेंज के आईजी ने सुधार करते हुए 2 लोगों के मारे जाने की बात कही।
विस्फोट में दो की मौत: आईजी
अमृतसर बॉर्डर रेंज के आईजी सरिंदरपाल सिंह परमार ने कहा- इस दुर्घटना में 2 लोगों की मौत हुई है और 11 घायल हुए हैं। तरनतारन के एसएसपी ने मृतकों का जो आंकड़ा बताया था, वह प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से दिया गया था। इससे पहले तरनतारन एसएसपी ध्रुव दहिया ने कहा था- नगर कीर्तन के दौरान आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान दुर्घटना हुई और ट्रैक्टर-ट्रॉली में विस्फोट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसमें 14-15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पाकिस्तान बॉर्डर से सटा इलाका है तरनतारन
पुलिस के सूत्रों ने बताया किधमाका क्यों हुआ, इसकी जांच जारी है। तरनतारन पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है, ऐसे में धमाके के पीछे आतंकी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इस आधार पर भी घटना की जांच की जा रही है।