मदरसा में ब्लास्ट मामला: बिहार एसआईटी को जावेद की तलाश, जांच टीम ने झारखण्ड में दी दबिश
देवघर। बिहार के बांका जिला अंतर्गत नवाटोलिया गांव में हुए बम ब्लास्ट मामले की जांच में नया मोड़ आया है। बिहार एसआईटी को मदरसा ब्लास्ट मामले में जावेद नामक व्यक्ति की तलाश है। सोमवार को जांच टीम जावेद की खोज में देवघर जिला में दबिश दी। एसआईटी ने देवघर एसपी अश्विनी सिन्हा को मामले की जानकारी दी। इसके बाद लोकल पथरौल थाना की मदद से उसके घर पर पहुंची। बिहार पुलिस की टीम को देख गांव के लोग इधर इधर जाने लगे। इसके बाद एसआईटी ने जावेद की खोजबीन के लिए एक घर में जांच की। लेकिन,जावेद उक्त घर में नहीं मिला। इसके बाद टीम गांव से लौट गयी।

यह जानकारी पथरौल थाना प्रभारी मनीष कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि बांका जिला की जयपुर थाना की पुलिस इस कांड से जुड़े एक व्यक्ति के सत्यापन के लिए पहुंची थी। पथरौल स्थित एक गांव में जावेद नामक युवक के घर का सत्यापन करने के लिए पहुंची थी। इस दौरान जयपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार राउत समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे। जानकारी हो कि इस हादसे में मृतक मौलवी अब्दुल मोबीन देवघर जिले के सारठ इलाके के कालीजोत का रहने वाला था।