हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राहुल दुबे गिरोह का खूंखार शूटर वारिस हथियार के साथ गिरफ्तार

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग एसपी अमन कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। गिद्धी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सी चेकपोस्ट पर बुलेट सवार अपराधियों द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई अंधाधुंध गोलीबारी मामले का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय और खूंखार सदस्य मो.वारिस को धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 2 जून 2026 को गिद्धी थाना अंतर्गत गिद्धी सी चेकपोस्ट पर राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों द्वारा एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर इलाके में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस हरकत में आई और गिद्धी थाना कांड संख्या-13/26 के तहत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमन कुमार द्वारा त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था।

​अनुसंधान के दौरान एसआईटी को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य मो. वारिस अपने घर पर छुपा हुआ है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए संदिग्ध हालत में उसे उसके घर से हिरासत में लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी वारिस ने गिद्धी सी चेकपोस्ट पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता और गोली चलाने की बात को पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयोग किया गया हथियार भी विधिवत बरामद कर लिया है। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इस कांड में वारिस के अलावा दो अन्य अपराधी भी शामिल थे, जो वर्तमान में फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार अपराधी का नाम व पता: मो० वारिस (उम्र- 22 वर्ष), पिता— मो० मुस्तकिम, साकिन—पुन्दोल (चंदोल), थाना,बड़कागांव, जिला— हजारीबाग है।अपराधी में पास से ​7.62 mm का एक देशी पिस्टल (घटना में प्रयुक्त)
​7.62 mm का दो जिंदा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक ​पकड़ा गया अपराधी वारिस कोई नौसिखिया नहीं है, बल्कि वह बड़कागांव और गिद्धी समेत विभिन्न थानों का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और दंगा भड़काने जैसी गंभीर धाराओं के तहत कुल 7 मामले पहले से दर्ज हैं।

error: Content is protected !!