इस बार सावन मेला में होगा खास: बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए आरामदायक कतार, फर्श पर मैट और बेहतर सुविधा व्यवस्था..
– प्रशासन ने शुरू की तैयारी, अलग-अलग स्थानों पर सुविधा केंद्र, मेडिकल सहायता, और हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे
राँची/देवघऱ।विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में आयोजित होने वाले सावन मेले-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हर साल लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस बार भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने पर प्रशासन का खास फोकस है।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में फर्श पर मैट/कारपेट बिछाने की व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को लंबी कतारों में खड़े रहने या चलने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।खासकर बारिश के मौसम में फिसलन और कीचड़ से बचाव के लिए यह व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि लगाए गए मैट्स की नियमित सफाई और रखरखाव हो, ताकि स्वच्छता बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके साथ ही मंदिर परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन जैसे अन्य इंतजामों को भी दुरुस्त किया जा रहा है।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर सुविधा केंद्र, मेडिकल सहायता, और हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को एक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित दर्शन अनुभव मिल सके।मंदिर प्रशासन के अनुसार, सावन मेले को लेकर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएंगी और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

