बैंक डकैती मामला:बोकारो पुलिस ने 24 घंटे के अंदर 20.74 लाख किया बरामद,चार अपराधी गिरफ्तार,पिस्टल और गोली भी बरामद

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के चास में इंडियन बैंक में बुधवार दोपहर 1 बजे हुई 40 लाख डकैती का बोकारो पुलिस में 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है।एसपी के द्वारा गठित एसआईटी टीम ने डकैती में शामिल 6 में से चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।इसके साथ ही लूटे गए 20 लाख 74000 की रकम बरामद कर ली है। पुलिस ने अपराधियों के पास से तीन पिस्टल, एक देसी कट्टा, 17 जिंदा कारतूस डकैती में इस्तेमाल किए गए बाइक और हेलमेट के साथ गिरफ्तार किया गया है।

बताया जाता है कि गिरफ्तार जितेंद्र सिंह बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है और इस डकैती का मास्टरमाइंड है। एसपी चंदन कुमार झा ने प्रेसवार्ता में बताया कि गठित एसआईटी टीम ने धनबाद से पटना जाने वाली शिवगंगा बस से गिरिडीह के इसरी टोल प्लाजा के पास से जितेंद्र सिंह और आशीष कुमार को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई। जितेंद्र के पास से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा और 9 लाख 98 हजार बैग से बरामद किया गया।

वहीं,आशीष के पास से बैग में रखा एक पिस्टल, 9 जिंदा गोली और 4 लाख 9900 बरामद किया गया है। इन लोगों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर गठित टीम ने धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र के भैरा से शुभम यादव और दिनेश यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार शुभम यादव के पास एक पिस्टल, चार जिंदा गोली और 5 लाख 5000 नगद बरामद किया।वहीं दिनेश यादव के पास से 72000 हजार नगद बरामद किया गया है।

बताया गया कि गिरफ्तार अपराधी घटना को अंजाम देने के एक दिन पहले धनबाद से चास पहुंचे थे।इन्होंने बैंक में रेकी भी की थी।इसके अलावा इन्होंने ग्राहकों के बैंक में आने-जाने और कर्मियों की कार्यशैली पर भी नजर रखी थी। इस घटना में शामिल दो अन्य अपराधी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इन दोनों अपराधियों के पास लूट की बाकी रकम है।एसपी ने बताया कि बैंक सुरक्षा में चूक और बैंक मैनेजर के सायरन नहीं बजाने के कारण अपराधी इस घटना को अंजाम देने में सफल हुए।उन्होंने बताया कि इन अपराधियों का बोकारो में कोई लोकल लिंक नहीं है।

error: Content is protected !!