राँची में एसएसपी के निर्देश पर तीनों एसपी के नेतृत्व में हॉट स्पॉट पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान..

 

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।राँची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी, ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में अपराधियों और असमाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है।इसी कड़ी में रविवार की रात शहरी और ग्रामीण के विभिन्न हॉट स्पॉट और संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा व्यापक एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी के सख्त निर्देश के बाद शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहर के प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है। इस दौरान दोपहिया और चार पहिया वाहनों की डिक्की और कागजातों की जांच की जा रही है।बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों और संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।उन इलाकों को चिन्हित किया गया है जहां पूर्व में झपटमारी या लूट जैसी घटनाएं अधिक हुई हैं।

एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया है कि राजधानी की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि शाम के समय गश्त बढ़ाई जाए और पीसीआर वैन लगातार भ्रमणशील रहें।उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना है।अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ होना जरूरी है ताकि वे किसी भी घटना को अंजाम देने से पहले सौ बार सोचें।

वहीं,पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है।चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर देने को कहा गया है।

error: Content is protected !!