हजारीबाग:बड़कागांव में मंगलवार को हुए दो पक्षों में झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण, विरोध में बंद रहे व्यापारिक प्रतिष्ठान, इलाका पुलिस छावनी में तब्दील….

हजारीबाग।झारखण्ड में हजारीबाग जिले के बड़कागांव में दो पक्षों में मंगलवार को हुई झड़प के विरोध में बुलाए गए बंद का प्रखंड क्षेत्र में व्यापक असर दिखा।बुधवार को बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।वहीं पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील दिखा।

बता दें कि मंगलवार को छवनिया में कलश यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। एक पक्ष के लोगों ने कलश यात्रा को रोकने का प्रयास किया था।इसके बाद बात बढ़ गई थी।जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे थे और मामले को शांत कराया था।घटना के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रखंड के सांढ़ छपेरवा में 9 दिवसीय श्री श्री 1008 हनुमंत और विश्वकर्मा महायज्ञ का आयोजन किया गया है।इसे लेकर पहले दिन 2100 महिलाएं कलश यात्रा में शामिल हुईं थीं।सभी श्रद्धालुओं माथे पर कलश लेकर विभिन्न इलाकों से होते हुए छवनिया पहुंचे थे।इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे को जोर पर कलश यात्रा को रोकने की कोशिश की थी।

डीजे बजाने और ताशा की आवाज को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया था। इस क्रम में दोनों पक्षों में झड़प हुई थी।इसके विरोध में बड़कागांव के व्यवसायियों ने बुधवार को अपने प्रतिष्ठान स्वतः बंद कर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इस घटना में 9 नामजद और 40 से 50 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज की गई है।फिलहाल मामला शांत है।