सर्पदंश के बाद झाड़फूंक कराना पड़ा महंगा, समय से इलाज के अभाव में गई युवक की जान

कोडरमा। जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के तेलोडीह गांव में शुक्रवार की रात एक युवक को करैत सांप ने डस लिया।इसके बाद युवक ने परिजनों को बताया तो सांप को ढूंढ़कर लोगों ने मार डाला। इधर, युवक की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे अस्पताल ले जाने की जगह झाड़ फूंक कराने लगे। करीब दो घंटे बाद हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन युवक को अस्पताल ले गए पर उसकी मौत हो गई।

बताया गया की रात में खाना खाने के बाद संतोष अपने बिस्तर पर सोने गया। पहले से ही उसके तकिए के पास सांप मौजूद था। जैसे ही संतोष बिस्तर पर लेटा, सांप ने उसकी उंगली में डस लिया। संतोष ने फौरन इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।

इधर, संतोष की बिगड़ती हालत के बाद परिजनों ने उसका झाड़ फूंक कराना शुरू किया। करीब दो घंटे तक झाड़ फूंक चला पर कोई सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र, मरकच्चो ले गए। यहां मौजूद स्वास्थकर्मियों ने युवक का प्राथमिक उपचार कर, उसे कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पर तब तक काफी देर हो चुकी थी। सदर अस्पताल ले जाने के दौरान युवक की मौत हो गई।