शादी की रस्म अदा कर लौट रहीं एक दर्जन महिलाओं और बच्चों को पिकअप वैन ने कुचला,लोगों ने फूंक डाला वैन,चालक को पुलिस ने बचाया

बिहार के मोकामा मेंशादी की रस्म अदा कर रहीं महिलाओं की भीड़ में बेलगाम पिकअप वैन घुस गई। यह हादसा रविवार की देर शाम काे घोसवरी में एनएच 82 पर हुआ। इस हादसे में 12 महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वैन को फूंक दिया। जानकारी के मुताबिक, घोसवरी में बालेश्वर शर्मा की पुत्री की बारात आने वाली थी। इससे पहले शादी समारोह में आई महिलाएं भोला स्थान से शादी की रस्म के बाद वापस घर लौट रहीं थी।

अचानक पीछे से आ रही वैन की चपेट में कई महिलाएं व बच्चे आ गए। जोरदार ठोकर से दो तीन महिलाएं सड़क से दूर जा गिरीं। मौके पर मौजूद लोग घायलों को पीएचसी ले गए। पीएचसी प्रभारी एन के बैठा ने बताया कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

हादसे के बाद चालक कूदकर भागने लगा। ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया। वहीं उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच पुलिस ने पहुंचकर चालक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त करा हिरासत में ले लिया।