Ranchi:बंदरों को कैद में रखने वाला और पुलिस व वन विभाग के कर्मियों पर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार,दो बंदरों का रेस्क्यू..
राँची।राजधानी राँची में बंदरों को कैद कर रखने वाला और पुलिस व वन विभाग के कर्मियों पर हमला करने के आरोपी को जगन्नाथपुर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कैद में दो बंदर को भी पुलिस ने वन विभाग के सहयोग से रेस्क्यू करा लिया है। जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में वन विभाग को सूचना मिली थी कि राँची के धुर्वा इलाके में देवाशीष पाल नाम का एक व्यक्ति अवैध रूप से बंदर को कैद कर रखे हुए हैं। इसी सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम जगन्नाथपुर पुलिस को साथ लेकर देवाशीष के घर पहुंची ताकि बन्दर को रेस्क्यू किया जा सके। लेकिन जैसे ही दोनों टीम देवाशीष के घर पहुंची, उनका सामना सबसे पहले बिजली के करंट से हुआ। बंदर का रेस्क्यू न हो पाए इसलिए देवाशीष ने अपने गेट में करंट दौड़ा रखा था। गेट खोलने के चक्कर में वन विभाग और पुलिस की टीम को जोरदार करंट का झटका लगा था। अभी करेंट से पुलिस वाले संभले ही थी कि देवाशीष ने लाल मिर्ची का बहुत सारा पाउडर लाकर पुलिस वालों के ऊपर फेंक दिया था। आंखों में जलन के कारण कई पुलिस वाले जमीन पर गिर गए थे और कुछ घायल भी हो गए थे। इस मामले में नगड़ी वनपाल प्रभारी राहुल महली ने जगन्नाथपुर थाने में देवाशीष पाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी।
जगन्नाथपुर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दिग्गविजय सिंह ने बताया कि आरोपी देवाशीष पॉल पर पहले से भी जगन्नाथपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं। वह आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है।

