बस से धनबाद गई राँची की वर्षा देवी ढाई साल बेटे के साथ लापता…
राँची।राँची के कोकर निवासी एक महिला अपने ढाई साल के बच्चे के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। महिला की पहचान वर्षा देवी के रूप में हुई है। वह 17 अप्रैल को राँची से बगोदर में एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए घर से निकली थी।बगोदर की बस छूट जाने के बाद वर्षा राँची से धनबाद जाने वाली बस में सवार हुईं। बस कंडक्टर के अनुसार, वह अपने बच्चे के साथ धनबाद बस स्टैंड पर उतरी थी। उसी दिन पति आकाश राम से दो बार फोन पर बात हुई। आखिरी बातचीत रात 8 बजे हुई, उसके बाद से उनका फोन स्विच ऑफ है।
वर्षा की तलाश में पति आकाश राम, उनके नाना-मामा और मित्र धनबाद पहुंचे। उन्होंने धनबाद थाने में शिकायत करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उन्हें वर्षा के निवास स्थान के संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा।उसके बाद आकाश ने राँची के सदर थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कराया है।
गौरतलब है कि आकाश और वर्षा की शादी 2020 में लॉकडाउन के दौरान हुई थी। पत्नी और बच्चे के अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंतित है। पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।