चरही घाटी में भीषण सड़क दुर्घटना में तीन महिला की मौत,कई घायल…महाकुंभ में स्नान कर राँची लौट रहे थे सभी…
हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले के चरही में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है।बताया जाता है कि महाकुंभ में स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन चरही घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।मृतक और घायल सभी महिलाएं हैं।मृतकों में अंश देवी, संजू देवी और सोनी देवी शामिल हैं। वहीं घायलों में रंजू देवी, पुनीता देवी, असिता देवी, उमा देवी और ज्योति देवी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सभी राँची से महाकुंभ के लिए निकले थे और सभी एक ही परिवार के रहने वाले थे। महाकुंभ से स्नान कर लौटने के दौरान चरही घाटी के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।मृतक अंश देवी गुमला की रहने वाली है। संजू देवी और सोनी देवी राँची आदिवासी चौक आईटीआई की रहने वाली हैं।घायलों में रंजू देवी और उमा देवी मां-बेटी हैं।दोनों आईटीआई चौक के पास की रहने वाली हैं।पुनीता देवी बुंडू, असिता देवी मांडर और ज्योति देवी भी राँची की रहने वाली हैं।
इधर घायल रंजू देवी ने बताया कि सभी ने मिलकर प्रयागराज कुंभ जाने की तैयारी की थी। सभी एक ही परिवार के हैं। 8 फरवरी की सुबह कार किराए पर लेकर प्रयागराज के लिए निकले थे। 9 फरवरी को सभी ने महाकुंभ में स्नान किया। रात में राँची के लिए निकले थे।इसी दौरान चरही घाटी के पास कोयला लदे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक से टकरा गई, जिससे कार भी अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी जिससे यह घटना घटी।
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है।कुछ मरीजों को रेफर करने की भी तैयारी चल रही है। तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए रख दिया गया है और परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।