पटना में धनबाद के यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में भारी बवाल, बेकाबू भीड़ ने पुलिस और भाजपा कार्यालय पर किया पथराव,12 गिरफ्तार, आयोजक की तलाश में छापेमारी

 

पटना/धनबाद। झारखण्ड के धनबाद से ताल्लुक रखने वाले सोशल मीडिया क्रिएटर और यूट्यूबर आर्यन केल्विन उर्फ अमन पंडित के पटना कार्यक्रम में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। अपने पसंदीदा यूट्यूबर की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में युवा पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड पहुंचे थे। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर भीड़ इतनी बढ़ गई कि स्थिति बेकाबू हो गई। यूट्यूबर के मंच पर नहीं पहुंचने और कुछ देर बाद वहां से चले जाने के बाद नाराज युवाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया और वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कार्यक्रम के आयोजक सुमन की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

रविवार को हुई इस घटना के बाद पटना के राजनीतिक और प्रशासनिक इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस उपद्रव में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी है।

जानकारी के अनुसार, पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर स्कूल ग्राउंड में रविवार को आर्यन केल्विन का फैन मीटअप कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर प्रचार किया गया था, जिसके बाद उन्हें देखने और मिलने के लिए पटना के अलावा बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंच गए थे। स्थानीय कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम दोपहर करीब तीन बजे से निर्धारित था। यूट्यूबर के आने से पहले ही मैदान में भारी भीड़ जमा हो गई थी। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में करीब पांच हजार युवाओं के पहुंचने की बात कही गई है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से आयोजकों की व्यवस्था चरमरा गई और भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, आर्यन केल्विन जब अपनी गाड़ी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो उन्हें देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ अचानक उनकी गाड़ी के आसपास जमा हो गई। कुछ युवक गाड़ी पर चढ़ने की कोशिश करने लगे। स्थिति ऐसी हो गई कि उनके लिए वाहन से उतरकर मंच तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया।

काफी देर से अपने पसंदीदा यूट्यूबर का इंतजार कर रहे प्रशंसक उनसे मुलाकात और कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद लगाए बैठे थे। लेकिन भीड़ और अव्यवस्था के कारण आर्यन केल्विन मंच पर नहीं पहुंच सके और कुछ देर रुकने के बाद वहां से वापस चले गए। उनके अचानक चले जाने से वहां मौजूद कई युवक नाराज हो गए। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा शुरू हो गया।

पुलिस पर पथराव, भाजपा-जदयू कार्यालय के बाहर भी मचा उत्पात

कार्यक्रम स्थल पर शुरू हुआ हंगामा धीरे-धीरे वीरचंद पटेल पथ तक फैल गया। उपद्रव में शामिल कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इस दौरान भाजपा और जदयू कार्यालय के बाहर लगे पोस्टरों को भी फाड़ दिया गया। भाजपा कार्यालय की ओर भी पथराव किया गया। आसपास मौजूद वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने की भी खबर सामने आई है।

पथराव की घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।इस घटना में करीब 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक पुलिस अधिकारी के सिर में भी चोट लगने की जानकारी दी गई है। हालांकि, घायलों की आधिकारिक संख्या की विस्तृत पुष्टि सामने नहीं आई है।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और उपद्रव कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ा।

कार्यक्रम की अनुमति को लेकर भी उठे सवाल

इस पूरे मामले में कार्यक्रम के आयोजन और पुलिस की अनुमति को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।भारी भीड़ जुटने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी बताया गया है कि आयोजकों की ओर से कार्यक्रम की पूर्व सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी।

इन परिस्थितियों में कार्यक्रम स्थल पर अचानक बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने से सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार्यक्रम का आयोजन किन परिस्थितियों में किया गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे।

12 लोगों की गिरफ्तारी, आयोजक सुमन की तलाश में छापेमारी

घटना के बाद पटना पुलिस ने उपद्रव और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कार्यक्रम के आयोजक सुमन की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

कौन हैं धनबाद के आर्यन केल्विन?

आर्यन केल्विन का असली नाम अमन पंडित है। वह धनबाद जिले के भूली आजाद नगर के रहने वाले हैं। सोशल मीडिया पर कॉमेडी वीडियो, मनोरंजक कंटेंट और रील्स के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं।

उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पटना में आयोजित फैन मीटअप में उन्हें देखने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में युवा पहुंच गए। हालांकि, इस कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था ने उनके फैन मीटअप के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धनबाद के फैन मीट में भी हो चुका है हंगामा

आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में अव्यवस्था का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 6 सितंबर 2026 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में भी उनका फैन मीट आयोजित किया गया था। उस कार्यक्रम में झारखण्ड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे।

बताया गया था कि वहां भी प्रशंसकों की भीड़ बढ़ने के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। बाउंसरों और प्रशंसकों के बीच भी कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई थी, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी।अब पटना में दोबारा हुए इस हंगामे ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स के सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

error: Content is protected !!