तालाब में मछली पकड़ने गया युवक बना करंट का शिकार, 25 वर्षीय जयप्रकाश की मौत; परिवार में मचा कोहराम

 

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में मछली पकड़ने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। चैनपुर थाना क्षेत्र के चेडाबार गांव में रविवार को तालाब में मछली मारने गए जयप्रकाश सिंह की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई, वहीं जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, चेडाबार गांव निवासी गोविंद सिंह का पुत्र जयप्रकाश रविवार दोपहर घर में खाना खाने के बाद मछली पकड़ने के लिए गांव के तालाब की ओर गया था। वह तालाब में मछली मार रहा था, तभी अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में युवक को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की इस घोषणा के साथ ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

मछली पकड़ने के दौरान करंट लगने की आशंका

बताया जाता है कि ग्रामीण इलाकों में कुछ जगहों पर तालाबों में मछली पकड़ने के लिए बिजली के तारों से करंट का इस्तेमाल किया जाता है। आशंका जताई जा रही है कि जयप्रकाश भी इसी दौरान करंट की चपेट में आया होगा। हालांकि, तालाब में बिजली का करंट किस परिस्थिति में पहुंचा और हादसा कैसे हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

हादसे की सूचना मिलने पर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौकी की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शाम में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस घटना से चेडाबार गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, चैनपुर थाना प्रभारी लालजी ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाएगी।

error: Content is protected !!