रामगढ़ हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने जताया गहरा दुख, मृतकों की संख्या 14 पहुंची; PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता

 

रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले में राँची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। पैंकी गांव के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में स्कॉर्पियो सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एक ही वाहन में सवार 14 लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों और गांवों में मातम पसरा है।

इस हृदयविदारक घटना पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया गहरा दुख

रामगढ़ सड़क दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि झारखण्ड के रामगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुखद है।

राष्ट्रपति ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति की संवेदना के बाद इस हादसे को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर भी शोक का माहौल है।

पीएम मोदी ने मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख देने की घोषणा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामगढ़ में हुए भीषण हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के आश्रित को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, दुर्घटना में घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सहायता राशि का विवरण:

मृतकों के प्रत्येक आश्रित को 2 लाख रुपये।

घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये।

पूरी सहायता प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से दी जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया हृदयविदारक हादसा

झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ के पैंकी गांव के पास NH-33 पर हुई दुर्घटना में 13 लोगों की मौत की खबर सामने आने पर गहरा दुख व्यक्त किया था। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया था।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है और राज्य सरकार उसके इलाज को लेकर गंभीर है। हालांकि, बाद में इलाज के दौरान घायल व्यक्ति की भी मौत हो गई और मृतकों की संख्या 14 पहुंच गई।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जताया दुख, नालंदा के परिवारों के साथ खड़ी है सरकार

झारखण्ड के रामगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने बिहार के नालंदा जिले के कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में बिहार के 14 लोगों की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुर्घटना को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत बेहद दुखद है। इस मुश्किल घड़ी में बिहार सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है

बिहार के नालंदा के परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

रामगढ़ में हुए इस हादसे का दर्द सिर्फ झारखण्ड तक सीमित नहीं है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोग बिहार के नालंदा जिले से जुड़े बताए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही नालंदा के कई परिवारों में कोहराम मच गया। जिन घरों में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

 एक हादसे ने उजाड़ दिए कई परिवार

रामगढ़ के पैंकी गांव के पास NH-33 पर हुई इस दुर्घटना ने कई परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। स्कॉर्पियो में सवार 14 लोगों की एक साथ मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। हादसे के बाद से ही मृतकों के परिजनों और परिचितों के बीच शोक की लहर है।

रामगढ़ का यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

 

 

error: Content is protected !!