कोर्ट से फिल्मी अंदाज में फरार हुआ अपहरण का आरोपी, हथकड़ी सरकाई और भीड़ में हो गया गायब; पुलिस की कई टीमें पीछे
डेस्क/मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट परिसर में शुक्रवार को किसी फिल्मी सीन जैसा नजारा देखने को मिला। 13 साल की किशोरी के अपहरण का आरोपी मिंटू मली पुलिस की गिरफ्त से उस वक्त निकल गया, जब उसे पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। उसने पहले हाथ से हथकड़ी सरकाई और फिर वकीलों व आम लोगों की भीड़ का फायदा उठाकर ऐसा गायब हुआ कि पुलिसकर्मी देखते रह गए। घटना के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
साहेबगंज थाने की पुलिस आरोपी को लेकर कोर्ट पहुंची थी। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कोर्ट हाजत की ओर ले जाने के दौरान मिंटू ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और मौका मिलते ही भाग निकला। पीछे से चौकीदार शोर मचाते हुए दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी भीड़ में ओझल हो चुका था।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस घटना के बाद नगर थानेदार जयप्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस कोर्ट परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पारू और साहेबगंज इलाके में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
28 नवंबर की सुबह तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने के मामले में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर हथकड़ी लगे होने के बावजूद आरोपी पुलिस को चकमा देकर कैसे निकल गया।
रिश्ते की आड़ में किशोरी को परेशान करने का भी आरोप
मिंटू मली के खिलाफ 30 अक्टूबर 2025 को साहेबगंज थाने में अपनी ही रिश्तेदार की 13 वर्षीय बेटी के अपहरण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। किशोरी की मां के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह वह बाहर गई थीं। इसी दौरान घर में अकेली मौजूद बेटी का तीन लोगों के साथ मिलकर मुंह दबाकर अपहरण कर लिया गया था।
महिला ने आरोप लगाया था कि मिंटू पहले भी उनकी बेटी को मोबाइल पर फोन कर परेशान करता था। विरोध करने पर अपहरण की धमकी भी देता था। रिश्तेदार होने के कारण उन्होंने पहले इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया था।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की गिरफ्त में आया अपहरण का आरोपी आखिर कोर्ट परिसर से हथकड़ी सरकाकर कैसे भाग निकला? फिलहाल पुलिस के सामने आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने की चुनौती है।

