हजारीबाग: L&T के स्क्रैप डंप में खड़ी गाड़ी के टायर में लगाई आग, राहुल दुबे गैंग की धमकी के बाद वारदात; गोलीबारी और आगजनी की ली जिम्मेदारी
हजारीबाग।झारखण्ड में राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों को लेकर एक बार फिर दहशत का माहौल बनता दिख रहा है। हजारीबाग जिले के पगार थाना क्षेत्र में L&T कंपनी के स्क्रैप डंप में खड़ी एक गाड़ी के टायर में आग लगाने की घटना सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा Concrete Mixer वाहन के दाहिने टायर को आग के हवाले किए जाने की सूचना पुलिस को मिली है। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, L&T कंपनी के कार्यालय से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित स्क्रैप डंप में Concrete Mixer वाहन खड़ा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने वाहन के दाहिने टायर में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना को इसलिए भी गंभीरता से देखा जा रहा है, क्योंकि इससे पहले L&T कंपनी के कर्मचारियों को राहुल दुबे गैंग की ओर से धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस के प्रारंभिक आकलन में आशंका जताई जा रही है कि टायर में आग लगाने की इस घटना के पीछे राहुल दुबे गैंग का हाथ हो सकता है। हालांकि, घटना में गैंग की संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपी की पहचान करने और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना किसी आपराधिक गिरोह की धमकी से जुड़ी है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
वहीं,सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राहुल गैंग ने जिम्मेदारी ली है।लिखा है कि L&T कंपनी के बैचिंग प्लांट में आज सुबह करीब 3:00 से 4:00 बजे के बीच प्लांट परिसर में 4 से 5 राउंड फायरिंग की और वहां मौजूद एक मशीन को आग के हवाले कर दिया। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक संदेश के माध्यम से गैंगस्टर राहुल दुबे ने इस फायरिंग और आगजनी की जिम्मेदारी ली है।


