युवती को होटल में बंधक बनाने वाला सलमान एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पुलिस के सामने निकली सारी हेकड़ी…
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में युवती को बंधक बनाकर रखने, मारपीट और दुष्कर्म के आरोपों से जुड़े चर्चित होटल कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सलमान उर्फ सोनू को बुधवार को लोहिया नगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की। इसी दौरान वह पुल से नीचे कूद गया, जिससे उसके हाथ और पैर में चोट आई। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
एनकाउंटर के बाद सलमान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों के सामने रोता और गिड़गिड़ाता नजर आ रहा है। वीडियो में वह अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगता दिखाई देता है। वह पुलिसकर्मियों से कहता सुनाई दे रहा है, “सर, गलती हो गई, माफ कर दो। अब नहीं होगी गलती।” होटल में युवती के साथ कथित बर्बरता और फिर आरोपी के इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।
नरहेड़ा के पास घेराबंदी, पुलिस को देखते ही की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, बुधवार 25 नवंबर को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि होटल कांड का आरोपी सलमान लोहिया नगर थाना क्षेत्र के नरहेड़ा गांव के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है।सूचना मिलते ही लोहिया नगर और सदर बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देखकर सलमान ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी पास के निर्माणाधीन पुल पर चढ़कर भागने लगा, लेकिन नीचे गिर गया। गिरने से उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में गंभीर चोट आई।
पुलिस ने मौके से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने की जानकारी दी है। घायल सलमान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। एसएसपी के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की गिरफ्त में आते ही रोने लगा सलमान, वीडियो वायरल
मुठभेड़ के बाद सामने आए वीडियो में सलमान पुलिसकर्मियों के सामने रोता और माफी मांगता नजर आ रहा है। पुलिसकर्मी उसे घायल अवस्था में अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वह बार-बार कहता है, “सर, गलती हो गई, माफ कर दो। अब नहीं होगी गलती।”
जिस आरोपी पर युवती को होटल में बंधक बनाकर रखने और उसके साथ मारपीट व दुष्कर्म करने का आरोप है, उसकी गिरफ्तारी के बाद सामने आया यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या है पूरा होटल कांड?
मेरठ के आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में गाजियाबाद की रहने वाली युवती के साथ कथित तौर पर हुई हैवानियत का मामला मंगलवार को सामने आया था। युवती की मुलाकात करीब दो साल पहले सलमान उर्फ सोनू से एक मॉल में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में उन्होंने परतापुर के रिठानी में किराये पर होटल लेकर साझेदारी में कारोबार भी शुरू किया था। हालांकि कारोबार नहीं चलने के कारण होटल बंद हो गया।
इसके बाद युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई और उसने सलमान से संपर्क तोड़ लिया। आरोप है कि सोमवार को युवती मेरठ में अपनी सहेली से मिलने आई थी। इसी दौरान सलमान को उसके मेरठ आने की जानकारी मिल गई।
आरोप है कि सहेली के दोस्त कृष्णा ने युवती को अपनी कार से आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल पहुंचाया था। कृष्णा होटल में मैनेजर बताया जा रहा है, जबकि होटल का संचालन गोविंद चौरसिया करता है। सलमान होटल में पहले से मौजूद था। इसके बाद युवती को दूसरे कमरे में ले जाया गया।
युवती की शिकायत के मुताबिक, सलमान ने उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा, उसके साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया। उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। युवती किसी तरह मंगलवार दोपहर होटल से बाहर निकलने में सफल हुई।
बीच बाजार युवती को बाल पकड़कर पीटा, फिर होटल में ले जाने की कोशिश
होटल से निकलकर युवती आबूलेन बाजार की तरफ भागी, लेकिन सलमान ने उसका पीछा कर लिया। आरोप है कि उसने बीच बाजार में युवती को पकड़कर सड़क पर गिरा दिया और बाल पकड़कर उसकी पिटाई करने लगा। इसके बाद उसे गोद में उठाकर जबरन होटल के अंदर ले जाने की कोशिश की।
युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए। लोगों ने किसी तरह युवती को सलमान के चंगुल से छुड़ाया। भीड़ ने सलमान को पकड़कर उसकी पिटाई भी की। इसके बाद वह होटल की छत पर चढ़ गया और पीछे की तरफ से कूदकर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया।
होटल सील, मैनेजर और संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में
घटना के बाद पुलिस ने युवती की शिकायत पर सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया। शुरुआती शिकायत में बंधक बनाने, मारपीट और तेजाब फेंकने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए थे। बाद की विवेचना में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने संबंधित होटल को सील कर दिया है। होटल के मैनेजर कृष्णा और संचालक गोविंद चौरसिया की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपी के कुछ परिजनों और होटल से जुड़े लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। होटल को स्थायी रूप से सीज कराने के लिए संबंधित प्रशासनिक विभागों को भी पत्र भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई थीं। नरहेड़ा के पास घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने के प्रयास में पुल से नीचे गिरकर घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

