सिगरेट के लिए दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट, मामूली विवाद में पिस्टल निकालकर मार दी गोली; आरोपी गिरफ्तार

 

सरायकेला। महज एक सिगरेट और देखते ही देखते दोस्ती का रिश्ता खूनी दुश्मनी में बदल गया। जिस दोस्त के साथ बैठकर शराब पी रहा था, उसी ने मामूली कहासुनी में पिस्टल निकालकर उसे गोली मार दी। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहिनी जमालपुर में 9 नवंबर की शाम हुए सोनू कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26) को शुक्रवार को सापड़ा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है। शुक्रवार को आदित्यपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने पूरे हत्याकांड का खुलासा किया।

साथ बैठकर पी रहे थे शराब, सिगरेट ने बिगाड़ दिया खेल

पुलिस के अनुसार, मृतक सोनू कुमार (पिता मनोज कुमार साव), निवासी सतबोहनी जमालपुर और आरोपी विशाल कुमार सिंह (पिता दिनेश सिंह), निवासी सतवाहिनी के बीच काफी पुरानी दोस्ती थी। दोनों के परिवार भी एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे दोनों दोस्त साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के मुताबिक, गुस्से में विशाल ने पिस्टल निकाली और सोनू पर गोली चला दी। गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। एक मामूली सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार दोस्त की जान लेकर खत्म हुआ।

हत्या के बाद बिहार के शेरघाटी भाग निकला आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद विशाल मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वह उसी रात डिमना चौक पहुंचा और वहां से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी चला गया। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

शुक्रवार को विशाल शेरघाटी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी मिली और सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पिस्टल और मोबाइल बरामद, हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और उसका मोबाइल फोन जब्त किया है। इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 325/2026 दर्ज है। पुलिस की कार्रवाई के बाद हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। एक सिगरेट को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने दो दोस्तों की जिंदगी की कहानी हमेशा के लिए बदल दी।

error: Content is protected !!