राँची जा रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, झिलिया नदी के पास बाइक और एलपी ट्रक में भीषण भिड़ंत..
–बुढ़मू-राय मुख्य पथ पर हुआ हादसा, चतरा के टंडवा निवासी दोनों युवकों ने मौके पर तोड़ा दम, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
राँची। राजधानी राँची आने के दौरान चतरा के दो युवकों की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई। बुढ़मू थाना क्षेत्र के बुढ़मू-राय मुख्य पथ पर झिलिया नदी के पास बुधवार को बाइक और एलपी ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।मृतकों की पहचान चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के दुदुवा मजराही गांव निवासी कुलदीप महतो और प्रकाश महतो के रूप में हुई है।
राँची आने के दौरान काल बनकर आया ट्रक
जानकारी के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर को दोनों युवक मोटरसाइकिल संख्या जेएच01एफएन-7870 से अपने घर से राँची के लिए निकले थे। सुबह करीब 11 बजे वे बुढ़मू-राय मुख्य पथ पर झिलिया नदी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एलपी ट्रक संख्या जेएच02एभी-2655 से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
शवों के साथ सड़क पर उतरे ग्रामीण और परिजन
दुर्घटना की खबर मिलते ही बुढ़मू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इधर, दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शवों के साथ सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। ग्रामीणों का कहना था कि पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने कुलदीप महतो के परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है। बताया जाता है कि कुलदीप की शादी करीब चार वर्ष पहले पतरातू के खरकूटोला में हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं। पिता की अचानक मौत से मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। हादसे की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, प्रकाश महतो के परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।पिपरवार से सटे तिरुफॉल घाटी के नीचे हुए इस हादसे की खबर फैलते ही टंडवा और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ दो युवकों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

