पलामू: गुनी भुइयां हत्याकांड में पत्नी और बड़ा बेटा गिरफ्तार, टांगी बरामद

 

 

पलामू। झारखण्ड के पलामू जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पांकी थाना क्षेत्र के ढूब गांव में 50 वर्षीय गुनी भुइयां की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी मनतोरवा देवी और बड़े बेटे कैलू भुइयां को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात पांकी थाना को सूचना मिली कि ढूब गांव निवासी गुनी भुइयां की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

इस संबंध में पांकी थाना कांड संख्या 172/2026, दिनांक 10 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी मनतोरवा देवी (47) और बड़े पुत्र कैलू भुइयां (26) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक टांगी भी बरामद की है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में नहीं किया गया है।इस कार्रवाई में पांकी थाना प्रभारी पु०अ०नि० दीपक कुमार सिंह, पु०अ०नि० रंजीत कुमार और पांकी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में घटना को लेकर चर्चा तेज है।

error: Content is protected !!