दो साल तक पुलिस को छकाता रहा नागेश्वर, BGH में टूटा फरारी का खेल; शंकर रवानी की हत्या से पहले की थी रेकी..
बोकारो। बहुचर्चित शंकर रवानी हत्याकांड में बोकारो पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब दो साल से फरार चल रहे हत्याकांड के आरोपी नागेश्वर सिंह को हरला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा आरोपी इलाज कराने के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (बीजीएच) पहुंचा था। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अस्पताल परिसर में दबिश दी और उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे थाने ले गई, जहां पूछताछ की गई। इसके बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि नागेश्वर सिंह हरला थाना कांड संख्या 78/24 में नामजद आरोपी है। वह लक्ष्मण सिंह का पुत्र है और महुआटांड़ थाना क्षेत्र के चेताटांड़ का रहने वाला है। हत्याकांड में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसके खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।
हत्या से पहले की थी रेकी, साजिश में भी भूमिका
पुलिस जांच में नागेश्वर सिंह की भूमिका केवल एक सामान्य सहयोगी तक सीमित नहीं बताई गई है। जांच और अन्य आरोपियों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, शंकर रवानी की हत्या से पहले नागेश्वर ने रेकी की थी। इसके अलावा हत्या की साजिश रचने में भी उसकी भूमिका बताई गई है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड को अंजाम देने से पहले की गई गतिविधियों में उसकी संलिप्तता के साक्ष्य और आरोपियों के बयान जांच का हिस्सा हैं। नागेश्वर के खिलाफ पहले से भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
22 लोगों के नाम आए सामने, 11 आरोपी जा चुके हैं जेल
शंकर रवानी हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में बड़े आपराधिक नेटवर्क की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, जांच और गिरफ्तार आरोपियों के बयानों के आधार पर अब तक कुल 22 लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इन गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस आरोप पत्र भी दाखिल कर चुकी है। नागेश्वर सिंह की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में एक और महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
मुख्य शूटर अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर
इस हत्याकांड में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला मुख्य शूटर सिपु कुमार अब भी फरार है। वह बिहार के मोकामा का रहने वाला बताया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मुख्य शूटर की गिरफ्तारी पुलिस के लिए अब भी बड़ी चुनौती बनी हुई है।
राजू दुबे पर सीसीए लगाने की तैयारी
वहीं, इस हत्याकांड से जुड़े एक अन्य आरोपी राजू दुबे की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर बनी हुई है। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है। पुलिस के अनुसार, उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) लगाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
फिलहाल नागेश्वर सिंह की गिरफ्तारी से शंकर रवानी हत्याकांड की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। पुलिस फरार मुख्य शूटर समेत शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर रही है।

